फोटो- 16, 18- शहर में रैली निकालते ननि कर्मचारी।
17 - दिल्ली में आयोजित अवार्ड कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर, महापौर व ननि कमिश्नर।
निगम के टाउन हॉल में लगा था प्रोजेक्टर, अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी
रीवा। नईदुनिया प्रतिनिधि
नगरीय प्रशासन मंत्रालय भारत सरकार के सर्वेक्षण 2017 में रीवा शहर खरा उतरते हुए जहां देश में अपना 38वां स्थान बनाया है वहीं स्वच्छता की ओर आगे बढ़ने में वह तीसरे नटबर पर है। जिसके चलते गुरुवार को नगरीय प्रशासन के केन्द्रीय मंत्री वकैया नायडू ने एक कार्यक्रम के दौरान रीवा को स्वच्छता का अवार्ड दिया है। यह अवार्ड कलेक्टर राहुल जैन, महापौर ममता गुप्ता और नगर निगम कमिश्नर कर्मवीर शर्मा के हाथों दिल्ली में जैसे ही सौंपा गया उसे नगर निगम कार्यालय के टाउन हाल में प्रोजेक्टर के माध्यम से देख रहे नगर निगम कर्मचारियों में उत्साह आ गया और एक-दूसरे को सफाई कर्मचारियों ने बधाई दी। शायद यह पहला मौका है जब रीवा शहर को स्वच्छता के मामले में अवार्ड भारत सरकार से प्राप्त हुआ है। जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारियों में जहां खुशी की लहर दौड़ गई है वहीं आमजन भी प्रसन्न है।
कर्मचारियों से भरा रहा टाउन हाल
सुबह लगभग 10 बजे नगर निगम कार्यालय में सफाई कामगारों का हुजूम देखा गया। वे अपने अवार्ड समारोह को देखने के लिए टाउन हॉल में एकत्र हुए और प्रोजेक्टर के माध्यम से दिल्ली में आयोजित अवार्ड समारोह को लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे। जैसे ही रीवा शहर को अवार्ड दिया गया टाउन हाल तालियों की गड़गड़ाहट से न सिर्फ गूंजने लगा बल्कि इस अवार्ड फक्शन को कर्मचारी अपने मोबाइल में कैद करने से भी नहीं चूके। वहीं कार्यक्रम के बाद सभी ने एक-दूसरे को मिठाईयां खिलाई और जश्न भी मनाया।
निकाली रैली
स्वच्छ शहर अवार्ड मिलने के बाद प्रसन्न नगर निगम के सफाई कामगार ढोल, नगाड़े के साथ शहर के मुख्य मार्ग में एक जुलूस भी निकाले। इस दौरान सफाई कामगार नाचते-गाते हुए उत्सव का पूरा लाभ उठाते नजर आए। उनका यह जुलूस नगर निगम कार्यालय से प्रारंभ हुआ और व्यंकट मार्ग शिल्पी प्लाजा से होकर कोठी कम्पाउंड से वापस नगर निगम कार्यालय में सम्पन्न हुआ। इस जुलूस में स्वास्थ्य अधिकारी अरूण मिश्रा सहित स्वास्थ्य निरीक्षक, सफाई दरोगा और सफाई कामगारों के साथ अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।
स्वच्छता में आगे बढ़ रहा शहर
इंदौर, भोपाल जैसे महानगरों की तरह अब रीवा शहर भी सफाई के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विगत एक वर्ष के अंतराल में स्वच्छ रीवा को लेकर जिम्मेदारों ने तेजी से काम करते हुए शहर को साफ-सुथरा बनाने में लगे हुए हैं। इसके लिए न सिर्फ रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था चलाई गई बल्कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के साथ ही दोनों टाइम शहर में झाड़ू लगाने का काम प्रारंभ किए जाने के साथ ही रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों में सफाई को लेकर फोकस किया गया था। कॉलोनियों को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रतिदिन घर-घर से कचरा कलेक्शन करने का काम नगर निगम प्रशासन कर रहा है। ननि प्रशासन की इस व्यवस्था को नगरीय प्रशासन मंत्रालय भारत सरकार की टीम ने अच्छा मानते हुए सफाई के मामले में तेजी से काम करने का रैंक तीसरा नम्बर दिया है।
वर्जन
सफाई में तेजी से काम करने के लिए हमें तीसरा स्थान मिला है। इसमें सभी का सहयोग बराबर प्राप्त हो रहा है। जिसके चलते आज रीवा शहर को स्वच्छ शहर का अवार्ड प्राप्त हुआ है।
अरूण मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी, ननि।