
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा स्थित नहर के पास, अपोलो हॉस्पिटल के समीप बीच सड़क पर जमकर हंगामा देखने को मिला। यहां चार युवतियों ने एक युवक की चप्पलों से सरेआम पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मार खाने वाला युवक नशे की हालत में नजर आ रहा था। बताया जा रहा है कि ऑटो में सफर के दौरान युवक ने युवतियों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। युवक की इस हरकत से युवतियां भड़क गईं और रतहरा नहर के पास उसे पकड़कर बीच सड़क पर ही सबक सिखाना शुरू कर दिया।
चारों युवतियों ने युवक पर लगातार चप्पलों की बौछार कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई। बीच सड़क पर चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
असली वजह की अभी नहीं हुई पुष्टि
हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि समान थाना पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर आगे क्या कार्रवाई करती है।