
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। नेशनल हाईवे-39 के रीवा-सीधी मार्ग पर बदवार स्टैंड के समीप हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
रीवा से सीधी जा रही यात्री बस (एमपी 29 पी 1501) और तेज रफ्तार बलकर के बीच हुई भीषण टक्कर में कई लोगों की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
.jpeg)
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता और राहत राशि देने के निर्देश जारी किए हैं...
हादसा रीवा जिला मुख्यालय से करीब 32 किमी दूर गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार स्टैंड के पास शाम करीब 5 बजे हुआ। बारिश की वजह से सड़क पर फिसलन थी और अनियंत्रित बलकर (सीमेंट/केमिकल ढोने वाला बड़ा टैंकर) ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज रफ्तार बस सड़क किनारे 7 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
घटना में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत बेहद नाजुक होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ और फिर श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया।
हादसे की खबर मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी डॉ. गुरकरण सिंह, एसडीएम सुधाकर सिंह, तहसीलदार अरुण यादव और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला। वहीं, क्षेत्रीय सांसद जनार्दन मिश्रा और स्थानीय विधायक नागेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
.jpeg)
यह भी पढ़ें- रीवा-सीधी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा... बस और बलकर की टक्कर, 5 की मौत और 21 घायल, सीएम ने जताया शोक
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस के सभी दस्तावेजों, फिटनेस, बीमा, ओवरलोडिंग और परमिट की गहन जांच कराई जाएगी। वहीं गुढ़ एसडीएम के अनुसार, रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।