
नईदुनिया न्यूज, बरहटा। मुंगवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहटा-मुंगवानी मार्ग पर दतला नाला के समीप स्थित सिद्धेश्वर धाम आश्रम में बीती रात एक साधु की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मुंगवानी पुलिस ने मामला दर्ज कर सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है। 27 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे आश्रम में दैनिक भजन-कीर्तन और भोजन के बाद दोनों साधु विश्राम करने चले गए थे।
पाठा निवासी साधु आश्रम के अंदर कमरे में सो रहे थे, जबकि दुर्गा उत्सव के समय से आश्रम में रह रहे दूसरे साधु बाहर धुनी के पास सोए हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने धुनी के पास सो रहे साधु के सिर पर भारी पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर अचेत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कठोतिया गांव निवासी साधु के नाती तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल नरसिंहपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डाॅक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान साधु की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसे अंतिम संस्कार के लिए ग्राम केसली ले जाया गया। मामले में मुंगवानी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस की टीम ने घटना के समय कमरे के अंदर सो रहे दूसरे साधु को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट से बड़ी राहत, 300 दिन के अर्जित अवकाश पर 90 दिन में निर्णय लेने का निर्देश