नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के तहसील जवा के बरहटा गांव में भारी वर्षा के कारण एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। उफनती नदी पार करते समय महिला का वाहन फंस गया और दो घंटे तक फंसे रहने के बाद उसकी तड़प कर मौत हो गई। जवा तहसील में हालात यह हैं कि यहां सभी नदियां और नाले उफान पर है। ऐसे में अब रीवा के लिए यह बारिश जानलेवा हो चुकी है।
दरअसल यहां के जवा तहसील के भनिगंवा गांव की रहने वाली प्रिया रानी कोल जो कि सोनू कोल की पत्नी थी। उसकी प्रेगनेंसी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे जवा अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में महना नदी उफान में थी। इसलिए सभी लोग नदी के एक तरफ ही अटके रहे। इसी दौरान करीब एक दो घंटे तक प्रियारानी कोल परेशान होती रही और दर्द से कराहती रही। हालांकि इस दौरान गांव के ही डाॅक्टर (झोलाछाप) को बुलाकर लाया गया और महिला को दिखाया गया, डाॅक्टर ने महिला को देखा और मृत बताया, तभी परिवार वाले किसी तरह प्रिया रानी को मायके से ससुराल ले गए।
वहीं मायके भनिगंवा से ससुराल महिलो गांव जाने में 40 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। वहीं दुर्भाग्य देखिए मायके से ससुराल तक पहुंचने के लिए भी प्रियारानी के शव को संघर्ष करना पड़ा। प्रियारानी के जेठ का कहना है कि प्रियारानी के पहले से एक बेटा है। वह करीब आठ से नौ महीने की गर्भवती थी। बाढ़ के चलते अस्पताल पहुंचने में काफी दिक्कतें आईं। ससुर सुरेश कुमार ने बताया कि बाढ़ के चलते उफान आने के कारण परिवार करीब 40 किलोमीटर का चक्कर काटकर शव को मायके से ससुराल लेकर आया। ससुराल में भी न होने के कारण शव को बड़ी मुश्किल से ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया।