
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर को अपना निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात चोरहटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बहुरीबाध की है।
यहां रहने वाले जितेन्द्र तिवारी के घर में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार में पिता की बरसी का कार्यक्रम आयोजित होने वाला था। तैयारियों के लिए घर में जरूरी सामान और नकदी का इंतजाम करके रखा गया था।
मौका पाकर घर में घुसे चोर करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और पैरों की बिछिया समेत तमाम कीमती सामान चुराकर रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और हड़कंप की स्थिति बन गई।
पीड़ित जितेन्द्र तिवारी ने तुरंत चोरहटा थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द बदमाशों का सुराग लगाकर चोरी गया सारा सामान बरामद किया जाए। फिलहाल, इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और चोरों की पता तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- सात जजों की नियुक्ति पर हाई कोर्ट में सामाजिक प्रतिनिधित्व की तीखी बहस, फैसला सुरक्षित