
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अवैध शराब की बिक्री को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर नरयावली से भाजपा विधायक प्रदीप लारिया का वर्ष 2024 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को लिखा पत्र पोस्ट करके सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
पत्र में विधायक लारिया ने सागर और राहतगढ़ विकासखंड सहित नगर पालिका परिषद मकरोनिया, नगर परिषद कर्रापुर और सदर कैंट क्षेत्र में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आबकारी और पुलिस विभाग की मिलीभगत से गांव-गांव पान की गुमटियों और टपरों पर एजेंटों के माध्यम से थैलों में शराब बेची जा रही है।
यह भी पढ़ें- सागर में शराब माफिया का रसूख मिट्टी में मिला... 3 आरोपियों के 5 ठिकानों पर चला बुलडोजर, मौतों का आंकड़ा 30 पर पहुंचा
विधायक ने पत्र में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई की मांग की थी। इससे पहले भी वह कलेक्टर और सहायक आबकारी आयुक्त से कई बार शिकायत कर चुके थे।
इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। दिग्विजय सिंह ने पत्र साझा करते हुए कहा कि यदि वर्ष 2024 में विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जाती तो बंडा में हुआ जहरीली शराब कांड टाला जा सकता था।