
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र की बाघराज आवासीय कालोनी में सोमवार सुबह एक अधिवक्ता की पत्नी पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया गया। आरोपी ने स्कूल जा रही शिक्षिका के आटो को रास्ते में रोककर पहले चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे किया और फिर महिला की गर्दन पर चाकू से वार करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपित को पकड़कर जमकर पीटा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपित अजय तिवारी निवासी ढाना, वर्तमान में झंडा चौक गोपालगंज के पास रहता है। वह पहले सुरखी थाना क्षेत्र में हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ तीन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
घटना के पीछे अधिवक्ता और आरोपित के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अजय तिवारी ने हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में पैरवी के लिए सागर के एक अधिवक्ता को नियुक्त किया था। फीस देने में असमर्थ होने पर उसने ढाना स्थित अपनी जमीन अधिवक्ता को खेती के लिए दे दी थी।
अधिवक्ता ने करीब 4 से 5 लाख रुपये खर्च कर जमीन पर बोर कराया और उसे खेती योग्य बनाया। इसके बाद जमीन पर अच्छी फसल होने लगी। इस बीच अजय ने अपनी जमीन वापस मांगी। अधिवक्ता इसके लिए राजी हो गए और जमीन वापस कर दी। कुछ समय बाद अजय फिर एक मामले में अधिवक्ता के पास पैरवी के लिए पहुंचा, लेकिन अधिवक्ता ने उसका केस लड़ने से मना कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अजय कालोनी स्थित अधिवक्ता के घर पहुंचा था। वहां अधिवक्ता की पत्नी से उसका विवाद हो गया। महिला ने कालोनी के गार्ड से कहकर उसे बाहर निकलवा दिया। इसे अजय ने अपना अपमान समझा और महिला से बदला लेने की ठान ली।
अधिवक्ता की पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। वह सोमवार सुबह करीब 8:20 बजे आटो से स्कूल जा रही थीं। उनके साथ आटो में 7-8 बच्चे भी सवार थे। बाघराज आवासीय कालोनी में पेट्रोल पंप के पास अजय ने आटो का रास्ता रोक लिया। उसने चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे किया और गाली-गलौज करते हुए महिला की गर्दन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- भोपाल के भदभदा डैम में महिला ने लगाई छलांग, नाव चालक की सतर्कता से बची जान, वीडियो वायरल
महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपित को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान महिला की कलाई में चोट आई और उनका मोबाइल भी गिर गया। महिला की शिकायत पर मोतीनगर थाना पुलिस ने आरोपित अजय तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126, 296 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।