बीना (नवदुनिया न्यूज)। भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में नोरुम की स्थिति है। पिछले दो दिन से यात्रियों को दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को सीट नहीं मिल रही है। कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण दर्जनों लोग होली पर अपने घर नहीं पहुंच पाए। तत्काल रिजर्वेशन कराने पर यात्रियों को टिकट नहीं मिले। इसके चलते कई लोगों को यात्रा रद्द करनी पड़ी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में हैं। इसका मुख्य कारण मथुरा जाने वाले यात्रियों की भीड़ है। पिछले करीब चार दिन से दिल्ली की तरह जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में नोरूम की स्थित है। होली पर बीना से सैकड़ों यात्रियों ने एक-एक माह पहले मथुरा का रिजर्वेशन कराया था। टिकट कन्फर्म होने के बाद शनिवार रात से रविवार तक सैकड़ों यात्री मथुरा गए हैं। लोग मधुरा में परिक्रमा कर होली में शामिल होते हैं। मथुरा की होली विश्वभर में प्रसिद्घ है। देश के साथ-साथ विदेशों से भी लोग होली खेलने आते हैं। इसके चलते दिल्ली रूट की ट्रेनें फुल चल रही हैं। तत्काल रिजर्वेशन में भी यात्रियों को सीट नहीं मिल रही है। तत्काल रिजर्वेशन के लिए लोग घंटे लाइन में लगे रहे, लेकिन जब तत्काल रिजर्वेशन शुरू हुए तो ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं थीं। इसके चलते दर्जनों लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। जनरल कोच में भी सीट न मिलने के कारण लोगों को यात्री रद्द करनी पड़ी।
होली पर घर नहीं पहुंच पाए लोग
दिल्ली तरफ के कई लोग भारत ओमान रिफाइनरी और जेपी पावर प्लांट में काम करते हैं। होली की छुट्टी पर जाने के लिए लोगों ने रिजर्वेशन कराया था। जिन यात्रियों की वेटिंग 50 से ज्यादा थी उनके टिकट कन्फर्म नहीं हुए। ऐसे लोग हजारों रुपये खर्च करके तत्काल रिजर्वेशन करना चाहते थे, लेकिन सीटें उपलब्ध न होने के कारण यह लोग छुट्टी पर अपने घर नहीं पहुंच पाए।