Bina News: बलिया एक्सप्रेस में बदमाश ने यात्री पर चाकू से किया जानलेवा हमला
ट्रेन में आधे घंटे तक लहूलुहान अवस्था में तड़पता रहा यात्री। गंभीर हालत में सागर रेफर!
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 23 Dec 2022 10:21:52 AM (IST)
Updated Date: Fri, 23 Dec 2022 10:21:52 AM (IST)

बीना (नवदुनिया न्यूज)। बलिया एक्सप्रेस में परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने जा रहे एक यात्री पर बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल यात्री का करीब 30 मिनट तक खून बहता रहा। यात्री को बीना स्टेशन पर उतारकर इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया है। वहीं दूसरी ओर कोच में सवार अन्य यात्रियों की मदद से हमलावर बदमाश को पकड़कर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया है।
घायल यात्री प्रमोद पिता श्यामलाल गुप्ता (48) के दोस्त सुरेश सिंह ने बताया कि वह न्यू प्रभा देवी मुंबई के रहने वाले हैं। दोनों अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने जा रहे थे। मुंबई से वह बलिया एक्सप्रेस के एस-5 कोच में सफर कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे ट्रेन के बीना स्टेशन पहुंचने से पहले कोच में सवार बदमाश एक यात्री से बहस कर रहा था। यात्री कह रहा था कि उसके पास जो बैग वह उसका है। वह अपना बैग लेकर चला गया। इसी दौरान सुरेश ने अपने सामान की तलाशी ली। यात्री का कुछ सामान बदमाश के पास जो बैग था, उसमें रखा हुआ था। वह जब अपना सामान लेने लगा तो बदमाश आदतन अपराधी होने की धमकी देने लगा। दोनों के बीच बहस होने पर अपर बर्थ पर सो रहा यात्री प्रमोद नीचे उतरा और बदमाश को समझाने लगा। इसी दौरान आरोपित ने चाकू निकालकर यात्री के सीने में घोंप दिया। इस घटना से कोच में सवार यात्री दहशत में आ गए, लेकिन कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपित को दबोच लिया। सुबह करीब 7 बजे ट्रेन के बीना स्टेशन पर पहुंचने पर आरोपितों को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया और घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बीना का रहने वाला है आरोपित
यात्री पर हमला करने वाला आरोपित नई बस्ती बीना निवासी रोहित अहिरवार है। आरोपित आदतन अपराधी है। घायल यात्री के साथी ने बताया कि आरोपित भोपाल स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। बीना पहुंचने तक आरोपित ने यात्रियों के बैग चुराए थे। उसके पास चार अलग-अलग बैग थे। इन बैगों में ही आरोपितों ने यात्रियों का चोरी किया सामान रख लिया था। बैग की तलाशी लेने पर ही उसके पास से उनका सामान मिला था। फिलहाल आरोपित से आरपीएफ पूछताछ कर रही है।