सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के सागर दौरे को लेकर राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिले के पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जहां-जहां जा रहे हैं, वहां अनावश्यक रूप से विवाद होंगे और राजनीतिक रोटियां सेंकी जाएंगी। कांग्रेस को चुनाव के समय ही कार्यकताओं की याद आती है, इसके पहले उनका दुख दर्द नहीं दिखता। मंत्री ने आरोप लगाया कि खुरई-सुरखी में उनका टारगेट है, रहली में उनका फोकस नहीं है। सीएम रहते दिग्विजय सिंह ने 10 साल रहली विधानसभा में फोकस किया था, फिर भी वह गोपाल भार्गव का कुछ नहीं बिगाड़ पाए, इसलिए अब वह अपना पूरा ध्यान खुरई और सुरखी में लगा रहे हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह को सलाह देते हुए कहा कि वे अपनी उर्जा सुरखी- खुरई में खर्च न करें यहां उनका कुछ नहीं होने वाला। मंत्री ने दिग्विजय सिंह की तुलना साइवेरियन प्रवासी पक्षी से की जो एक निश्चित समय पर आते हैं। कहा कि दिग्विजय सिंह ऐसे समय आए हैं जब अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव के पहले उन्हें क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का दुख दर्द महसूस नहीं हुआ।
सागर में चुनाव लड़ने पूरे परिवार के साथ आएं दिग्विजय सिंह
खुरई से दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने के बयान पर मंत्री गोविंद सिंह ने कहा वे अकेले क्यों, दिग्विजय सिंह रहली से, भाई लक्ष्मण सिंह खुरई से, बेटा जयवर्धन सिंह सुरखी से चुनाव लड़ें। अच्छे कार्यकर्ता कांग्रेस से चले गए हैं। इसलिए दिग्गीराजा का पूरा परिवार यहां आए और चुनाव लड़े। उनका स्वागत है।
अधिकारी-कर्मचारी पार्टी के नौकर नहीं होते
खुरई में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के दिग्गीराजा के आरोपों पर मंत्री ने कहा-अधिकारी-कर्मचारी सरकार के नौकर होते हैं, पार्टी के नहीं, जो न्याय संगत होता है अधिकारी-कर्मचारी वही करते हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही न जाने कितने कार्यकर्ता भाजपा में आ गए। भाजपा में आदमी प्रताड़ित होकर नहीं आता है मन से आता है, भाजपा में भविष्य दिखता है, यहां सबका सम्मान होता है।