
नई दुनिया, सागर (Sagar News)। बहेरिया थाना क्षेत्र में प्रेमी के साथ कमरे में बंद बेटी को मां ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद उसने पुलिस में प्रेमी पर दुष्कर्म का मामला कायम कराया है।
जानकारी के अनुसार, मकरोनिया स्थित एक निजी कॉलेज में अध्ययनरत बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के साथ अपनी मौसी के घर रहती है। युवती ने बताया कि शेखर उर्फ चंद्रशेखर से करीब पांच महीने पहले से उसकी फोन पर बात हो रही थी।

अपराध से जुड़े एक अन्य मामले में साढ़े सात साल पहले ट्रेन में यात्री के साथ हुई लूट के मामले में न्यायालय ने आरोपित को पांच वर्ष के सश्रम कारावास व एक हजार के अर्थदंड से दंडित किया है।
एडीपीओ श्यामसुंदर गुप्ता ने बताया कि 25 जून 2017 को अभिमन्यु सिंह अपनी मां सावित्री, भाभी अंजलि, भतीजी अनीता व भतीजे आनंद के साथ गाड़ी संख्या 22685 यशवंतपुर संपर्क क्रांति से बेलगांव से झांसी की यात्रा कर रहा था। 26 जून की रात्रि पौने चार बजे के आसपास जब ट्रेन बीना स्टेशन से गुजर रही थी, तब एक चोर ने उसकी मां सावित्री के सिर के नीचे रखे पर्स को खींचा और भागा।
चोर का पीछा कर उसे पकड़ा तो वह पर्स छुड़ाकर दोनों को धक्का देकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। पर्स में दस्तावेज, सोने, चांदी के आभूषण, मोबाइल व कुछ अन्य जरूरी कागज थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत 50 हजार के आसपास रही होगी।

अभिमन्यु ने ट्रेन की चैन खींचकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी। तब झांसी में वह ट्रेन से उतरा और मंगला एक्सप्रेस से वापस बीना आया। यहां जीआरपी थाने में शिकायत की।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित संदीप उर्फ वीरू पुत्र राममनोहर रघुवंशी उम्र 32 वर्ष निवासी नकैला थाना बारोधा जिला सतना को पकड़ा। उसके पास से चोरी गया सामन बरामद कर न्यायालय पेश किया।