नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। राहतगढ़ थाना क्षेत्र के अलीनगर बेहटा में शराब खोरी की बात पर से हुई कहासुनी के बाद पति ने पत्नी को इतना पीटा कि उसे अटैक आ गया, पत्नी को मरा समझ उसने पत्थर बांध कर उसे कुएं में फेंक दिया। करीब छह दिन बाद जब उसका शव मिला तो पुलिस को इसकी जानकारी लगी। पति का पता किया तो वह फरार था। पुलिस ने पिछले दिनों पति को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उस पर हत्या का मामला कायम कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार अलीनगर बेहटा निवासी 29 वर्षीय रेखा लोधी पति निर्भय लोधी लापता थी, उसके जेठ ने इसकी शिकायत राहतगढ़ थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने महिला के गुमशुदगी का मामला कायम कर उसकी तलाश शुरू की। शिकायत के कुछ दिन बाद महिला के घर के बाजू से लगे खेत पर बने सरकारी कुएं से महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पीएम कराया, जिसमें उसके शरीर में चोट के निशान और हार्ट अटैक से मृत्यु होना पाया गया।
पुलिस ने मर्ग के बाद अज्ञात आरोपित पर हत्या का मामला कायम कर विवेचना शुरू की। साथ ही कुछ दिनों से लापता उसके पति को भी तलाशना शुरू किया। पिछले दिनों मृतक का पति निर्भय पुलिस की गिरफ्त में आया। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि 17-18 जुलाई की रात वह शराब पीकर घर आया तो पत्नी से विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद उसने पत्नी रेखा को जमकर पीट दिया, जिससे वह अचेत हो गई।
निर्भय से उसे मरा समझ प्लास्टिक की बोरी में पत्थर भरकर उसे रेखा के पेट में बांधा और रात में ही उसे बाजू वाले कुएं में फेंक दिया। निर्भय से रेखा की यह तीसरी शादी थी। रेखा ने इसके पहले दो शादियां की थी। उसके तीन बच्चे भी है। पुलिस ने आरोपित पति पर हत्या का मामला कायम कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।