ICU में भर्ती छात्रा से छेड़छाड़, सागर के प्राइवेट हॉस्पिटल में CCTV में कैद हुई घटना
सागर के निजी अस्पताल में उपचाररत 16 वर्षीय छात्रा ने 30 वर्षीय वार्ड ब्वाय राजा बंसल पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 08:56:15 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:04:31 AM (IST)
घटना के समय अस्पताल में लगे सीसीटीवी में मरीज के पास खड़ा दिख रहा आरोपी। सौ- अस्पताल प्रबंधनHighLights
- आईसीयू में भर्ती नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
- परिजनों की शिकायत के बाद कार्रवाई
- पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जाट पथरिया से राजघाट रोड स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 16 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने 30 वर्षीय वार्ड ब्वाय राजा बंसल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
20 नवंबर को आईसीयू भर्ती किया
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपित कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया है। छात्रा कक्षा 10वीं में पढ़ती है। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। बरोदा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें छात्रा घायल हो गई थी। स्वजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। 20 नवंबर को उसे आईसीयू के तीसरे तल पर भर्ती किया गया था।
पहले फोन नंबर मांगा
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह बेड नंबर सात पर सो रही थी, तभी वार्ड ब्वाय राजा बंसल वहां पहुंचा। उसने सीने में लगी ड्रिप की स्ट्रिप निकाल दी और फोन नंबर मांगते हुए उसके साथ अश्लील हरकत की।
विरोध के बावजूद वह नहीं माना। छात्रा ने डर के कारण तत्काल किसी को घटना नहीं बताई। 22 नवंबर को बुआ की बेटी के अस्पताल पहुंचने पर उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद स्वजन ने अस्पताल में विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की।
एफआईआर दर्ज
पुलिस ने अस्पताल में छात्रा के बयान दर्ज किए। इसके बाद देहाती नालसी दर्ज कर सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
अस्पताल परिसर में मिली शराब से भरी बोलेरो
विरोध के दौरान अस्पताल परिसर में शराब से भरी बोलेरो पहुंची थी। भीड़ देखकर वाहन में सवार तीन लोग उसे छोड़कर भाग गए। पुलिस ने वाहन से दो पेटी शराब बरामद कर बोलेरो जब्त कर ली। इस मामले की भी जांच की जा रही है।