IRCTC नवदुनिया न्यूज, बीना। बिलासपुर मंडल, भोपाल मंडल सहित रेलवे के अन्य स्टेशनों पर चल रहे नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते रेलवे द्वारा कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। इस कारण रेल यात्री परेशान हो रहे हैं। ज्यादा परेशानी कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को है। लंबी दूरी की ट्रेनों में जगह नहीं मिलती। जनरल डिब्बों में ठंसकर यात्रा करनी पड़ती है।
बुधनी, बरखेड़ा पर नान इंटरलाकिंग का कार्य रेलवे द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए तीन दर्जन से अधिक गाड़ियों को रेलवे द्वारा निरस्त किया गया है। इनमें कम दूरी की गाड़ियां भी शामिल हैं। ट्रेनें निरस्त होने से अप-डाउनर्स सहित नजदीकी स्टेशनों की यात्रा करने वाले परेशान हो रहे हैं।
यात्रियों ने बताया कि बीना से सागर जाने के लिए मेमू ट्रेन बेहतर विकल्प होता है। लेकिन उसे रेलवे द्वारा निरस्त कर दिया गया है। अब सुबह 7 बजे से 01 बजे तक साप्ताहिक गाड़ियों का विकल्प ही बचता है। यह लंबी दूरी की होती हैं और इनमें प्रारंभिक स्टेशन से ही यात्री बैठे होते हैं। लिहाजा बीच की स्टेशनों से बैठने पर जगह नहीं मिलती। स्लीपर या अन्य श्रेणियों में यात्रा करने पर पेनाल्टी का सामना करना पड़ जाता है।
जनरल कोच में हालात बेहद खराब रहते हैं। धक्का मुक्की देकर चढ़ना मजबूरी बन जाता है। ऐसे में यात्री हादसे का शिकार भी हो जाते हैं। कई यात्री जनरल स्लीपर कोच में घुस जाते हैं। इससे जो वैधानिक टिकट के साथ यात्रा कर रहे होते हैं, उन्हें परेशानी हो जाती है।
सागर लाइन के अतिरिक्त इटारसी, भोपाल, विदिशा, गंजबासोदा, गुना, अशोकनगर, मुंगावली, ललितपुर, झांसी की ओर जाने वाली भी कई गाड़ियां निरस्त हैं। यात्रियों को यहां भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर भी यात्रियों को सही जानकारियां नहीं मिलतीं। पूछताछ कार्यालय में अतिरिक्त सूचना चस्पा नहीं की गई है। यात्री परेशान होते रहते हैं। जिन यात्रियों ने पहले से टिकट आरक्षित करा लिए थे, उन्हें भी ट्रेन कैंसिल होने की सूचनाएं नहीं मिलीं। जिस कारण वह परेशान होते रहे। कुछ को तो मजबूरी में अपनी यात्राएं निरस्त करना पड़ीं।
बुधनी बरखेड़ी के बीच इंटरलाकिंग के चलते भोपाल, इटारसी से गुजरने वाली कई गाड़ियों को तेरह दिनों के लिए निरस्त किया गया है। इनमें वह गाड़ियां भी हैं, जिनका उपयोग अक्सर अप डाउनर्स करते हैं।