सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। महान बुंदेला वीर और स्वतंत्रता सैनानी मधुकर शाह बुंदेला के समाधि स्थल का जीर्णोद्धार सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। बुधवार को नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार और स्मार्ट सिटी सीईओ राहुल सिंह राजपूत ने स्थल निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। श्री अहिरवार ने कहा कि मल्टीपल पार्क एंड प्ले एरिया परियोजना के तहत सागर सेंट्रल जेल परिक्षेत्र में स्थित समाधि स्थल का जीर्णोद्धार कर परिसर को विकसित किया जाए। परिसर को साफ, स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाया जाए, जिससे लोग यहां आकर वीर मधुकर शाह की समाधि के दर्शन कर सकें और बच्चों को इनके इतिहास के संबंध में जानकारी हो सके।
उल्लेखनीय है कि अंग्रेजों के खिलाफ पहला संगठित विद्रोह 1842 का बुंदेला विद्रोह था। इसमें करीब एक साल तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजों की नाक में दम कर दिया था और इस विद्रोह ने एक तरह से 1857 की क्रांति की नींव रखने का काम किया था। बुंदेला सरदार मधुकर शाह इस विद्रोह के नायक थे। उन्होंने अंग्रेज पुलिस पर आक्रमण कर विद्रोह का आगाज किया। इस विद्रोह में कई पुलिस वाले मारे गए। विद्रोही हुए भू स्वामियों ने खुरई, खिमलासा, धामोनी, नरयावली और सागर नगर में पुलिस की चौकियों पर हमले किए। इसके बाद यह आंदोलन दूर- दूर तक फैल गया। करीब एक साल के प्रयास के बाद कैप्टन बैकमैन ने मधुकर शाह को पकड़ने में सफलता हासिल की और उन्हें सार्वजनिक रूप से सागर जेल के पास फांसी पर चढ़ा दिया गया। यहीं पर उनकी समाधि बनी हुई है। इस स्थल को अब सागर स्मार्ट सिटी विकसित करेगी।