
नवदुनिया प्रतिनिधि, बीना। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बीना होकर दो त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली इन ट्रेनों के चार-चार फेरे होंगे। दोनों ट्रेनों का बीना, रानी कमलापति और इटारसी में ठहराव रहेगा। इससे उत्तर प्रदेश से मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिलेगी।
दोनों ट्रेनें बीना में शाम 5.30 बजे पहुंचेंगी, जबकि वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलकर अगले दिन सुबह 9.45 बजे बीना आएंगी। ट्रेनों का संचालन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर तक अलग-अलग दिनों में किया जाएगा। दोनों ट्रेनों में 20 एलएचबी कोच रहेंगे, जिनमें 14 थर्ड एसी इकोनामी, चार सामान्य और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। सुल्तानपुर-एलटीटी स्पेशलगाड़ी संख्या 04212 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 21 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी।
वापसी में 04211 एलटीटी-सुल्तानपुर स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। सुल्तानपुर से चलकर ट्रेन बीना 17.30 बजे, रानी कमलापति 20.10 बजे और इटारसी 21.40 बजे पहुंचेगी। वापसी में बीना 9.45 बजे आएगी। वाराणसी-एलटीटी स्पेशलगाड़ी संख्या 04226 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।
वापसी में 04225 एलटीटी-वाराणसी स्पेशल 23 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वाराणसी से आने वाली ट्रेन बीना 17.30 बजे, रानी कमलापति 20.10 बजे और इटारसी 21.40 बजे पहुंचेगी। वापसी में बीना 9.45 बजे पहुंचेगी।