
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर: संपति कर व जल कर की राशि जमा न करने पर नगर निगम ने सख्ती बतरना शुरू कर दिया है। इसके चलते अब ताला बंदी की भी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम ने की टीम ने संपति कर जमा न करने पर शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ताला लगा दिया।
नगर निगम को शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज से संपति कर एवं जलकर की लगभग 9 लाख रुपये एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपति कर की 2 लाख 47 हजार रुपये की राशि लेना है। इसके अलावा पोद्दार कॉलोनी में बालाजी इंटरप्राइजेज से 64 हजार रुपये संपति कर जमा करवाया।
निगमायुक्त ने राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को निर्देश दिए हैं कि राजस्व वसूली माह दिसम्बर में सभी बड़े बकायादारों से संपर्क कर संपति कर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया जमा कराने की कार्रवाई करें तथा कर जमा न करने वालों के विरुद्ध तालाबंदी की कार्रवाई करें।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश व्यापमं घोटाला मामले में 10 आरोपियों को पांच-पांच साल की सजा, फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर ली थी नौकरी
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन का कहना है कि संपति कर जमा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्राचार किया है। वहां से राशि प्राप्त होते ही तत्काल जमा कराया जाएगा। फिलहाल कार्यालय में संपति कर जमा न करने पर निगम ने जो ताला लगाया था, वह पड़ा है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, अतिक्रमण सह प्रभारी कृष्ण कुमार चौरसिया, राजू रैकवार सहित समस्त कर संग्राहक उपस्थित थे।