श्मशानघाट में 40 बच्चों की पाठशाला : सागर में शवयात्रा के सिक्के बीनने वाले बच्चों का भविष्य संवार रहे प्रोफेसर महेश तिवारी
वर्ष 2020 से शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक 90 से अधिक बच्चों को साक्षर बनाकर औपचारिक स्कूलों में प्रवेश दिलाया जा चुका है। वर्तमान में करीब 40 बच्चे कक्षा में आते हैं।
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 08:37:12 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 08:37:12 PM (IST)
महेश तिवारी श्मशान घाट के एक कोने में बच्चों को ककहरा सिखाते हैं, पीछे के शेड में शवदाह होता है। नईदुनिया।HighLights
- नरयावली नाका स्थित श्मशान घाट में शिक्षक महेश तिवारी का अनोखा स्कूल
- 90 से अधिक बच्चों को साक्षर बनाकर औपचारिक स्कूलों में प्रवेश दिलाया
- लापरवाही पर पेड़ों में खाद-पानी डालने की ‘सजा’ दी जाती है
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। श्मशान का नाम आते ही मन में मृत्यु, अंत, विनाश और जीवन के अंतिम पड़ाव का एक भयभीत करने वाला दृश्य बनता है। लेकिन सागर के एक श्मशान में चिताओं की राख अगली पीढ़ी के भविष्य का निर्माण हो रहा है।
यहां दहकती चिताओं के बीच साक्षरता का उजाला फैल रहा है। श्मशान का यह दृश्य असामान्य है, जो जीवन के दो छोरों को एक साथ साधे हुए है।
पढ़ रहे शवयात्रा में सिक्के बीनने वाले बच्चे
नरयावली नाका स्थित श्मशान घाट में एक निजी महाविद्यालय में प्राध्यापक महेश तिवारी की कक्षा लगती है। इसमें आसपास की बस्तियों के ऐसे बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा दी जा रही है जो कभी शवयात्रा पर फेंके गए सिक्के बटोरते थे।
महेश तिवारी बताते हैं कि 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान कई मजदूर दूसरे शहरों से अपनी बस्तियों में वापस लौटे थे। उनके बच्चे यहां श्मशानघाट में आने वाली शवयात्रा पर फेंके गए सिक्के बीनते थे। कई बच्चे नशे की गिरफ्त में थे।
90 से अधिक बच्चे
उनको शिक्षित कर समाज से जोड़ने के लिए उन्होंने श्मशान में ही एक कोने पर पढ़ाना शुरू कर दिया। अब तक 90 से अधिक बच्चों को पढ़ाने के बाद औपचारिक स्कूलों में दाखिला करा दिया है। कुछ बच्चे अपने माता-पिता के साथ पीथमपुर, दिल्ली, नागपुर जैसे शहरों में पहुंच गए हैं वहां भी उन्होंने स्कूलों में प्रवेश लिया है। अब मेरे साथ अब तीन अन्य शिक्षक भी इन बच्चों को पढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं।
छुट्टियों में तो यह स्कूल पूरे दिन चलता है, लेकिन सामान्य तौर पर सप्ताह में दो से तीन दिन तीन-चार घंटे पढ़ाई कराई जाती है। बच्चों के अभिभावक भी अपने बच्चों को पढ़ता देख खुश होते हैं और धीरे-धीरे उनका स्कूलों में प्रवेश करा रहे हैं।
हिंदी, अंग्रेजी के साथ पर्यावरण और देशभक्ति भी
इस अनोखी कक्षा में वर्तमान में करीब 40 बच्चे पढ़ने आते हैं। इसमें बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी के साथ पर्यावरण, सामान्य ज्ञान और देशभक्ति का पाठ पढ़ाया जाता है। इसमें पढ़कर कई बच्चे ठीक-ठाक हिंदी, अंग्रेजी बोलना सीख गए हैं। समय-समय पर चित्रकला, गायन प्रतियोगिता भी की जाती है।
गलती पर अनोखी सजाएं
इस अनोखे स्कूल में गलती करने या पढ़ाई में लापरवाही पर अनोखी सजाओं का भी प्रावधान है। यदि कोई बच्चा पढ़ाई में लापरवाही दिखाता है या गलती करता है तो उसे श्मशानघाट में उनके व पूर्व में पढ़ने वाले दूसरे बच्चों द्वारा लगाए गए पेड़ों में खाद व पानी डालना होता है।