• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • सागर

यूपी भागने की फिराक में था सागर शराब कांड का मास्टरमाइंड; मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली, 12 बोर कट्टे के साथ गिरफ्तार

रवि लखेरा शराब बनाने का मास्टरमाइंड है। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के महोबा का रहने वाला रवि लंबे समय से ललितपुर की गंगापुरम कालोनी में रह रहा था।

By Surendra rajputEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 08:23:25 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 08:23:25 PM (IST)
यूपी भागने की फिराक में था सागर शराब कांड का मास्टरमाइंड; मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली, 12 बोर कट्टे के साथ गिरफ्तार
बंडा अस्पताल में मुठभेड़ के बाद आरोपी रवि को ले जाती पुलिस। नईदुनिया।

HighLights

  1. आरोपी रवि लखेरा को सागर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया
  2. बरायठा के जंगल में पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं, रवि के पैर में गोली लगी
  3. मुख्य आरोपी के पास से देशी कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद हुई

नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा में जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि लखेरा को सागर पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग मंदिर के पास जंगल में घेराबंदी के दौरान रवि ने पुलिस टीम पर तीन फायर किए।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें रवि के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार अल सुबह सूचना मिली थी कि रवि लखेरा बंडा-बरायठा मुख्य मार्ग के पास जंगल में मौजूद है। सूचना पर बंडा थाना प्रभारी आनंद सिंह और बरायठा थाना प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीमों ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।


रवि ने की पुलिस पर फायरिंग

इसी दौरान रवि ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। रवि ने पुलिस टीम पर तीन फायर किए। एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रवि के बाए पैर के घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने रवि के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

कार्रवाई के दौरान उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। उनकी तलाश में पुलिस टीमें क्षेत्र में तलाशी और घेराबंदी कर रही हैं। रवि को घायल अवस्था में बंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जहरीली शराब कांड के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शुक्रवार को पुलिस के आला अधिकारी मुठभेड़ वाले स्थान पर पहुंचे और जांच की।

शराब बनाने का मास्टरमाइंड है रवि

रवि लखेरा शराब बनाने का मास्टरमाइंड है। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के महोबा का रहने वाला रवि लंबे समय से ललितपुर की गंगापुरम कालोनी में रह रहा था। वह अंतरराज्यीय शराब तस्कर है और मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अन्य स्थानों पर उसके खिलाफ करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश आबकारी अधिनियम से जुड़े हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रवि को नकली शराब बनाने और उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी थी। वह अपनी टीम के माध्यम से शराब तैयार करवाता था और इसके लिए जरूरी सामग्री जुटाकर नेटवर्क तक पहुंचाता था।उसके लाइसेंसी शराब ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंद्र से संपर्क भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार मामले में अब तक 18 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक आरोपित की मौत और एक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद 13 फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

साक्ष्य मिटाने जलाई शराब से भरी बोलतें

जहरीली शराब प्रकरण में पुलिस ने मुख्य आरोपित चंद्रभान उर्फ चंदू राजा (42 वर्ष) निवासी तीतरवाड़ा की निशानदेही पर 26 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इसकी कीमत करीब 1.30 लाख रुपये है। मौके से 1128 जले हुए क्वार्टर भी मिले।

कार्रवाई से बचने के लिए शराब के क्वार्टर जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने शराब नष्ट करने में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्राली और पोकलेन मशीन भी जब्त की है।

यह भी पढ़ें- सागर में शराब माफिया का रसूख मिट्टी में मिला... 3 आरोपियों के 5 ठिकानों पर चला बुलडोजर, मौतों का आंकड़ा 30 पर पहुंचा

अवैध निर्माण पर चली जेसीबी

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इसमें सागर में बंडा मामले में फरार आरोपित सिद्धार्थ कुशवाहा के रेस्टोरेंट पार्थ-वे को सील किया गया। जबकि बहेरिया पर बनी जलसा होटल की भी जांच की गई है।

उधर, 20 से अधिक अवैध ढाबों, लग्जरी रेस्टोरेंट, होटलों और टपरों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि बेदखल कर मुक्त कराई।

आरोपी सिद्धार्थ कुशवाहा की होटल-रेस्टोरेंट सील

जहरीली शराब मामले में पुलिस-प्रशासन द्वारा आरोपितों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को टीम ने जहरीली शराब कांड के आरोपित सिद्धार्थ कुशवाहा के फोरलेन स्थित पाथ-वे रेस्टोरेंट और जबलपुर रोड स्थित सुरूचि होटल को सील कर दिया है।

इतना ही नहीं, अवैध शराब का गढ़ बनते जा रहे है बहेरिया की होटल जलसा और सत्यम को भी सील कर दिया गया।

पुलिस-प्रशासन ने मालथौन स्थित सौरभ ढ़ाबे, बुंदेला ढ़ाबा, ओम साईं राम रेस्टोरेंट, राधाकृष्ण ढ़ाबा समेत 20 से अधिक ढ़ाबे जो सरकारी जमीन पर अतिरिक्त निर्माण कर बनाए गए थे, उन्हें हटाया दिया है। वहीं 30 से अधिक टपरों और ठेलों को भी हटाने की कार्रवाई की।