Edited By: Sanjay Pandey
Publish Date: Wed, 05 Jun 2024 12:23:23 PM (IST)
Updated Date: Wed, 05 Jun 2024 12:23:23 PM (IST)
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने लगातार आठवीं जीत दर्ज की है। यहां से भाजपा प्रत्याशी डा. लता वानखेड़े ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा को चार लाख 71 हजार 222 मतों से हराया है। लता वानखेड़े को 7 लाख 87 हजार 979 मत मिले। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गुड्डडू राजा को 3 लाख 16 हजार 757 मत मिले। लता वानखेड़े ने डाक मतपत्रों की गणना से ही बढ़त बनाई। इसके बाद राउंड दर राउंड उनकी जीत का अंतराल बढ़ता गया। 22 राउंड में उनकी जीत हुई। इससे पहले सुबह सात बजे मतगणना स्थल के ताले खोले गए। मतगणना स्थल पर थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना का कार्य शुरू हुआ। मतगणना स्थल पर पुलिस का निरंतर पहरा रहा।हर आने जाने वाले की एंट्री करवाई गई। उसकी वीडियोग्राफी कराई गई। स्ट्राग रूम पर सीसीटीवी लगे हुए थे। स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्र तक लाने के लिए अलग से रास्ते बनाए गए थे। इस रास्ते पर किसी भी अन्य व्यक्ति को आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई। पहले डाकमत पत्र की गणना हुई। इसमें भाजपा को 1819 व कांग्रेस को 968 मत मिले। सागर जिले की पांच विधानसभा बीना, खुरई, सुरखी, नरयावली व सागर की मतगणना सागर में हुई। वहीं विदिशा जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र कुरवाई, सिरोज व श्मशाबाद विस क्षेत्र की मतगणना विदिशा में हुई। सागर लोकसभा क्षेत्र से 13 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें। शुरुआत से ही भाजपा की डा. लता वानखेड़े व कांग्रेस के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा के बीच मुकाबला हुआ।
44 साल बाद फिर महिला सांसद
भाजपा की डा. लता वानखेड़े सागर लोकसभा क्षेत्र की दूसरी महिला सांसद बनीं है। इससे पहले सागर सीट से पहली महिला सांसद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सहोद्रबाई राय थीं। वे पहला चुनाव 1957 में जीतीं थी। वहीं 1980 का लोकसभा चुनाव भी जीतकर सांसद बनी थीं। इसके बाद से सागर में कोई भी महिला सांसद नहीं बन पाई। अब 44 साल बाद भाजपा की डा. लता वानखेड़े चुनाव जीतकर सागर की दूसरी महिला सांसद बनी हैं।
1995 में पंच पद से की राजनीति की शुरुआत
निर्वाचित सांसद डा लता वानखेड़े ने 1995 से सागर के मकरोनिया बुजुर्ग ग्राम पंचायत से पंच पद से राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद वे इसी पंचायत से लगातार तीन बार सरपंच निर्वाचित हुई। लता का जन्म 24 फरवरी 1970 को हुआ। वर्ष 1991 में उनकी शादी नंदकिशोर उर्फ गुड्डू वानखेड़े से हुई थी। लता ने अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र और पत्रकारिता विषय में पीजी किया है। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक उत्थान में पत्रकारिता की भूमिका पर पीएचडी की है।
महिला आयोग अध्यक्ष और भाजपा संगठन के कई पदों पर रहीं
डा. वानखेड़े के पीआरओ विपिन दुबे ने बताया कि डा. वानखेड़े सरपंच पद के साथ ही तीन बार त्रिस्तरीय पंचायती राज्य महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष रहीं। इस समय वह भाजपा में प्रदेश मंत्री, जिला विदशा भाजपा की संगठन मंत्री का पद संभाल रही हैं। वे भारत स्काउट गाइड की प्रदेश उपाध्यक्ष, कुर्मी क्षत्रिय समाज की महिला विंग की भी प्रदेश अध्यक्ष हैं। मप्र राज्य महिला आयोग की प्रदेश अध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) भी रहीं। लगातार दो बार भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष भी रहीं। वर्ष 2013-14 में वे भाजपा की स्टार प्रचारक की सूची में शामिल रहीं। जिन्होंने 150 विधानसभा और 28 लोकसभा क्षेत्र में प्रचार किया। महिला आयोग की अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने आयोग के संविधान के अनुसार विभिन्न समितियां बनाकर मध्यप्रदेश में 1,14000 महिलाओं को जिला स्तर पर आयोग सखी, ब्लाक स्तर पर सखी संगिनी और पंचायत स्तर पर 5 महिलाओं की शक्ति समिति का गठन कर घर-घर तक महिला आयोग को पहुंचाने का कार्य किया। वे भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। उन्हें 2004 में पहली बार सरपंच रहते रचनात्मक कार्यों के लिए राज्यपाल बलराम जाखड़ ने सम्मानित किया था।
मोदी के नेतृत्व पर भरोसा
भाजपा की जीत पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा के ग्वालियर कलस्टर प्रभारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के संकल्प पत्र पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। मप्र में ग्वालियर चंबल क्लस्टर की सभी चारों लोकसभा सीटों व मेरे गृह जिले में भाजपा प्रत्याशी डा.लता वानखेड़े की रिकार्ड जीत के लिए मतदाताओं का आभार।
सुरखी विस क्षेत्र में मिले एक लाख से अधिक मत
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विस क्षेत्र से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी डा लता वानखेड़े को सबसे अधिक मत प्राप्त हुए हैं। यहां एक लाख से अधिक मत भाजपा को मिले।
मतगणना स्थल पर पसरा रहा सन्नाटा
लोकसभा चुनाव की मतगणना के चलते मतगणना स्थल इंजीनियरिंग कालेज में तेज धूप का असर नजर आया। यहां दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और गिने-चुने भाजपा कार्यकर्ता व पुलिसकर्मी पेड़ों के नीचे छांव में बैठकर आराम करते रहे। मतगणना स्थल पर बसपा प्रत्याशी भगवती प्रसाद जाटव यहां-वहां टहलते हुए नजर आए, लेकिन मुख्य राजनीतिक दल के प्रत्याशी भाजपा की लता वानखेड़े और कांग्रेस के चंद्रभूषण गुड्डू राजा मतगणना स्थल पर नजर नहीं आए। इसके अलावा दोनों ही दलों के जिलाध्यक्ष भी मतगणना स्थल से दूरी बनाए रखे। सुबह करीब 11 बजे पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र एवं भाजपा नेता अभिषेक भार्गव कुछ समय के लिए मीडिया कक्ष में पहुंचे, लेकिन यहां कोई नेता न होने से वह भी कुछ देर बाद चले गए।
जीत के पहले लगे बधाई के फ्लैक्स
भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी प्रत्याशी की जीत का पहले से ही भरोसा था। इसलिए लता वानखेड़े के कई समर्थकों ने मतगणना स्थल के आसपास सुबह से ही जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देने वाले फ्लैक्स लगवा लिए थे। भाजपा की जीत के फ्लैक्स देखकर कांग्रेस सहित अन्य लोग तरह-तरह के कटाक्ष भी करते रहे। इतना ही नहीं बल्कि भाजपा प्रत्याशी की मतगणना के दौरान ही मकरोनिया चौराहे से लेकर अन्य स्थानों पर विजयी जुलूस के स्वागत के लिए पंडाल लगने लगे थे।
शुरुआती रुझान के बाद शुरू हुआ जश्न
भाजपा प्रत्याशी के मतगणना के प्रारंभिक रूझानों के बाद से ही लता वानखेड़े के घर में हर्ष जताने वाले लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। वह अपने घर में पूजन-पाठ करती रहीं, जबकि उनके समर्थक उनके घर के बाहर आतिशबाजी करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा करा रहे थे। उनके विजयी जुलूस के दौरान भी कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों ने जगह-जगह आतिशबाजी कर मिठाई वितरित की। वहीं विजयी जुलूस को छोड़ दिया जाए तो कहीं जीत का कोई उत्साह नजर नहीं आ रहा था।
कांग्रेसियों के पंडाल में कुछ लोग ही दिखे
मतगणना स्थल इंजीनियरिंग कालेज के मुख्य गेट के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को बैठने के लिए पंडाल व कुर्सियां लगाई गई थी, लेकिन यहां गिनती के आधा दर्जन कार्यकर्ता लाकर रूम से मत पेटी निकलवाने तो पहुंचे और कुछ देर बाद पंडाल में जाकर बैठ गए। यहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित आधा से एक दर्जन कार्यकर्ता ही नजर आए, लेकिन पूरे चुनाव में प्रवक्ता से लेकिन अन्य भूमिका निभाने वाले कांग्रेसी मतगणना स्थल के आसपास भी नहीं भटके।
7657 मतदाताओं ने नोटा का किया उपयोग
सागर लोकसभा क्षेत्र में 7657 लोगों ने नोटा का उपयोग किया है। यह कुल 13 प्रत्याशियों में से चौथे स्थान पर है। भाजपा की डा. लता वानखेड़े को 787979, कांग्रेस के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा को 316757 व बसपा के भगवती जाटव काे 16316 मत मिले। चौथे नवंबर पर नोटा 7657 रहा। वहीं इसके बाद महानवादी पार्टी के भीकम सिंह कुशवाहा को 5784, समता पार्टी के रामभजन बंसल को 3153 मत मिले। इसके बाद अन्य प्रत्याशियों को तीन हजार से कम वोट मिले।