सागर में 12 वर्षीय बच्चे की किडनैपिंग की कोशिश, पुलिस देख पीड़ित ने मचाया शोर, तो छोड़कर भागे
सागर में 12 वर्षीय राहुल रजक का कार सवार बदमाशों ने अपहरण किया, लेकिन मकरोनिया में पुलिस देखकर बच्चे ने शोर मचाया। बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए, पुलिस ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 16 Mar 2026 09:00:29 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Mar 2026 09:00:29 AM (IST)
12 साल के बच्चे के अपहरण की कोशिश। (फाइल फोटो)HighLights
- सागर जिले में 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज घटना।
- बाजार से सामान लेने गए राहुल को कार में बैठाया।
- मकरोनिया में पुलिस देखकर बच्चे ने जोर-जोर से शोर मचाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। जिले में रविवार देर रात एक 12 साल के बच्चे का कार से अपहरण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे की सूझबूझ और पुलिस की सतर्कता के कारण वह सकुशल अपने परिजनों तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार बंडा क्षेत्र का निवासी 12 वर्षीय राहुल रजक बाजार से सामान लेने गया था। इसी दौरान कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और सागर की ओर आने लगे। जब कार मकरोनिया इलाके में पहुंची, तब राहुल ने पुलिस को देखकर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
बच्चे की आवाज सुनते ही बदमाश घबरा गए। उसे वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मकरोनिया थाना पुलिस ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित अपनी कस्टडी में लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सामान लेने गया था दुकान
- बच्चे की मां प्रीति रजक ने बताया कि राहुल शाम करीब 4 बजे बाजार से सामान लेने निकला था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटा। उसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि बच्चा सागर में सुरक्षित है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे किसी संगठित बच्चा चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।