
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से रवि लखेरा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार रवि लखेरा जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। उसके खिलाफ बहेरिया थाने में भी अवैध शराब का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बीती रात पुलिस टीम को उसके बरायठा क्षेत्र के जंगल में होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बंडा जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित रवि लखेरा पहले भी नकली शराब के मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है। उसका नाम मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री मामले में सामने आया था।
यह भी पढ़ें- जहरीली शराब कांड के आरोपी मनीष लोधी और चंदू राजपूत के घर पर चला बुल्डोजर, CM ने दिखाए थे सख्त तेवर
खबर लगातार अपडेट की जा रही है....