
सागर, (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मोतीनगर थाना क्षेत्र में 13 साल की बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित पर मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी बालिका के गर्भवती होने के बाद घर वालों को लगी। बालिका ने बताया कि वह अपनी नानी के यहां रहकर पढ़ाई करती है।
.jpg)
उसके मोहल्ले में रहने वाले 22 वर्षीय सौरभ कोरी ने पिछले साल 14 नवंबर को अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय सौरभ के घर में कोई नहीं था। सौरभ ने बालिका को धमकाते हुए किसी से भी यह बात न बताने को कहा, जिसके बाद बालिका ने किसी से कुछ नहीं बताया।
पिछले दिनों बालिका के पेट में दर्द हुआ तो उसने अपनी नानी को बताया। नानी बालिका को लेकर सीधे डॉक्टर के पास पहुंची, जहां डॉक्टर ने बालिका के पेट में चार माह का गर्भ बताया। नानी ने जब बालिका से पूरी बात पूछी तो बालिका ने सारी घटना बताई, जिसके बाद 30 मार्च को नानी के साथ मोतीनगर थाने आकर बालिका ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित पर पास्को एक्ट सहित दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत मामला कायम कर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।