बीना (नवदुनिया न्यूज)।
ओवरलोड के कारण मंगलवार रात करीब 11 बजे 33 केवी सब स्टेशन का जंपर टूट गया। इसके चलते पूरे शहर की सप्लाई बंद हो गई। गर्मी से बचने के लिए लोग घर के बाहर और सड़क पर घूमने नजर आए। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने एक घंटे में जंपर जोड़कर सप्लाई चालू करा दी। इस दौरान लोग गर्मी से बेहोल हो गए, अधिकांश लोग घर के बाहर और छतों पर घूमते नजर आए।
रात करीब 11 बजे अचानक पूरे शहर की सप्लाई बंद हो गई। बिजली गुल होने के चंद मिनट बाद बिजली कंपनी के टोलफ्री शिकायत नंबर पर शिकायतों की बाढ़ आ गई। अधिकारियों के फोन भी लगातार बजने लगे। इसके अलावा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बनाए गए बिजली कंपनी के ग्रुप में शिकवा शिकायतों का दौर शुरू हो गया। इनरनेट साइट पर कोई आरोप लगा रहा था कि जानबूझकर सप्लाई बंद की गई तो कोई ऊर्जा मंत्री का नंबर शेयर कर जनता से अपील कर रहा था कि तुरंत ऊर्जा मंत्री को फोन लगाकर सप्लाई बंद होने के कारण पूछा जाए। इस सब के बीच बिजली कंपनी के कर्मचारी फॉल्ट ठीक करने में लगे हुए थी। कर्मचारियों ने एक घंटे में जंपर जोड़कर रात करीब 12.12 बजे सप्लाई चालू कर दी। इस दौरान गर्मी से शहर वासियों का बुरा हाल रहा। गर्मी से बचने के लिए कोई घर की छत पर घूम रहा था तो कोई घर के बाहर टहल रहा था। कई लोग तो लाइट का इंतजार करते-करते सड़कों पर घूमने निकल आए। एक घंटे बाज सप्लाई चालू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जनता को संयम रखना चाहिए
इस संबंध में बिजली कंपनी के सहायक यंत्री बीएस तोमर का कहना है कि हम समझ सकते हैं कि सप्लाई बंद होने से जनता को परेशानी हुई। लेकिन लाइनों में फॉल्ट किसी की लापरवाही से नहीं आता। ओवरलोड के कारण 33 केवी सब स्टेशन में फॉल्ट आया था। तुरंत सप्लाई बंद करके जंपर जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया। बिजली कंपनी के कर्मचारी जोखिम उठाकर दिन रात सेवा करते हैं। उपभोक्ताओं कर्मचारियों की भी मजबूरी समझनी चाहिए।