यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sagar News: कोहरे में हाइवे पर हादसा, चार वाहन आपस में टकराए, दो गंभीर घायल
नीमघाट के पास रविवार सुबह हुआ हादसा। तीन-चार लोगों को आईं चोटें। घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कालेज में कराया भर्ती।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 24 Dec 2023 12:03:34 PM (IST)Updated Date: Sun, 24 Dec 2023 01:35:07 PM (IST)

सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में फोरलेन पर रविवार सुबह घने कोहरे के कारण कार सहित चार वाहन आपस में एक के बाद एक टकरा गए। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह से वाहनों में सवार तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं, जबकि दो की हालत गंभीर है जिन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया गया है।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
यह हादसा नीम घाट के पास रविवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर 108 एंबुलेंस पहुंच गई। एंबुलेंस कर्मियों ने आपस में टकराई कार और ट्रक में सवार घायलों को बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हाइवे पर लगा जाम
हादसे के कारण कुछ देर के लिए नेशनल हाइवे क्रमांक 44 पर जाम की स्थिति भी बन गई। गौरझामर थाना प्रभारी बृजमोहन कुशवाहा ने बताया कि नीम घाट के पास कोहरे के कारण वाहनों के टकराने की सूचना मिली थी। मौके से घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को भी सड़क से हटाकर किनारे खड़ा करते हुए यातायात बहाल कर दिया गया है। वाहनों में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के पीछे से टकराने वाले ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है उत्तरी सर्द हवाओं के असर से सागर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता भी कम हो गई थी।