नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। केसली थाना क्षेत्र में लड़का लड़की के प्रेम प्रसंग के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लड़की की गर्दन पर चाकू से हमला हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लड़का और उसके दो भाइयों पर मामला कायम कर लिया, लड़के के दो भाइयों को पुलिस ने पकड़ भी लिया। वहीं प्रेमी का शव रविवार को मकरोनिया रेलवे ट्रैक पर मिला। लड़के स्वजनों ने शव को एसपी आफिस में लेकर लड़की वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
केसली थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि गांव की लड़की खेत में शौच करने के लिए गई थी, जहां कृष्ण कुमार तिवारी उसका भाई, रवि तिवारी और लालू तिवारी ने लड़की की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। लड़की को गंभीर हालत में सागर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। शिकायत के बाद तीनों आरोपितों पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला कायम कर लिया है। मामले में रवि और लालू को अभिरक्षा में लिया गया है। कृष्ण कुमार फरार है। मामले की विवेचना जारी है। इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध है। एक ओर जहां पुलिस पूरा विवाद रविवार सुबह का बता रही है, वहीं दूसरी ओर लड़के के स्वजन रात में ही विवाद होना बता रहे हैं। पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार ने रविवार तड़के सुबह लड़की को चाकू मारा, जबकि कृष्ण कुमार का तड़के सुबह 58 किमी दूर सागर के मकरोनिया में शव मिला।
एसपी आफिस आए मृतक के स्वजनों ने बताया कि लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिस से सांठगांठ करके झूठा मामला कायम किया है। वहीं दूसरी ओर मृतक के पिता प्रकाश तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करते हुए बताया कि प्रीतम लोधी पिता नर्मदा प्रसाद, नंदलाल पिता प्रीतम, ओंकार पिता प्रीतम और रोहित लोधी पर आरोप लगाते हुए मृतक का अपहरण कर उसे मार कर रेलवे ट्रैक में फेंक देने का आरोप लगाया है। आरोपितों पर हत्या का मामला कायम किया जाए। शव को एसपी आफिस लाए जाने की सूचना के बाद मौके पर सिविल लाइन, गोपालगंज, मोतीनगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल पहुंच गया, जहां उन्होंने स्वजनों को कार्रवाई का अश्वासन देकर शव को गांव के लिए रवाना कर दिया। मृतक के स्वजनों का कहना है कि लड़का, लड़की के बीच प्रेम प्रसंग के चलते शनिवार रात को विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कृष्ण कुमार के दो भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।
फ्लाईओवर के नीचे मिला शव:मकरोनिया ओवर ब्रिज के के नीचे रेलवे ट्रैक पर कृष्ण कुमार तिवारी का शव मिला। सुबह 6:20 बजे रेलवे द्वारा जीआरपी सागर को सूचना दी गई कि अप लाइन के ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है, जिसकी मृत्यु मालगाड़ी से टकराने के कारण हुई है। सूचना के बाद जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा कार्रवाई की और पीएम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया।