
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। शाहगढ़ थाना क्षेत्र के श्यामपुरा में रंजिश में मारपीट करने और देसी कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 22 मई को बरखेड़ा हाल श्यामपुरा निवासी 70 वर्षीय फरियादी लखन पिता लोकमन यादव ने थाने में श्याम पिता हीरालाल यादव निवासी श्यामपुरा कजरावन, मुकेश पिता गोकल यादव निवासी अमरपुरा, अज्जू पिता गोकल यादव निवासी अमरपुरा के विरुद्ध पुरानी बुराई पर गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसी बीच प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद इंटरनेट मीडिया के माध्यम से घटना के संबंध में एक वीडियो पुलिस को मिला। इसमें आरोपी श्याम यादव और मुकेश यादव देसी कट्टा लहराते हुए दिख रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मुकेश यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा जब्त किया गया। वहीं मामले में फरार आरोपित श्याम यादव को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से भी देसी कट्टा बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को कोर्ट पेश कर जेल भेज दिया है।