नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। केंट थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक नाबालिग लड़की का विवाह उसकी मर्जी के बगैर कराया जा रहा था। घर में बरात आ गई थी, प्रीतिभोज चल रहा था। लड़की ने पुलिस को फोन किया और राेते हुए बताया कि मर्जी के बगैर घर वाले उसकी शादी कर रहे हैं।
पुलिस टीम पहुंची तो चल रहा था भोजन
सूचना के बाद रात करीब 11 बजे विशेष किशोर इकाई एवं महिला बाल विकास की टीम लड़की के बताए पते पर शादी घर पहुंची, जहां द्वारचार के बाद भोजन चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग की शादी हो रही
पुलिस टीम को देख बराती और घराती दोनों पक्ष सहम गए। पुलिस ने लड़की पक्ष को बताया कि यहां पर नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है।
लड़की की मां ने किया विवाद
इतने पर लड़की की मां सामने आई और पुलिस टीम ने झगड़ने लगी। लड़की की मां पुलिस को आत्महत्या की धमकी देने लगी।
इतने पर लड़की को सामने बुलाया गया घर वालों से डरी लड़की भी कहने लगी कि यह शादी उसकी मर्जी से हो रही है।वहीं दूल्हे ने भी कहा कि उन दोनों की मर्जी से यह विवाह हो रहा है।
एक दिन पहले ही हुई थी किसी की मौत और हो रही थी शादी
गौर करने लायक बात यह कि जिस घर में बगैर मुहूर्त के शादी हो रही थी, वहां एक दिन पहले ही परिवार में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, बावजूद इसके घर वाले नाबालिग लड़की की शादी पर अड़े हुए थे।
कानूनी कार्रवाई का हवाला दिया तो हुए राजी
पुलिस भी घर वालों के इस काम से अचंभित थी। पुलिस और महिला बाल विकास की टीम ने शादी रोकने का विरोध कर रहे दोनों पक्षों को जब कानूनी कार्रवाई के दौरान काम में बाधा डालने की बात कही तो वह शांत हुए। जब दोनों पक्ष शादी न करने पर राजी हुए ताे पुलिस ने सारा कार्यक्रम रुकवाया। बरात वापस लाैट गई।