
सागर। सागर शहर से एक और युवा मायानगरी मुंबई में अपनी पहचान बनाने संघर्ष कर रहे हैं। इस संघर्ष में उन्हें सफलता भी हासिल होने लगी है।
हालांकि उनके परिवार की पृष्ठभूमि राजनैतिक है, लेकिन परिवार से कुछ हटकर नया मुकाम पाने के लिए उन्होंने टीवी सीरियल्स और फिल्मों में अदाकारी के जलवे बिखेरना शुरू कर दिया है।
ये शख्स है आकाश सिंह राजपूत, हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म टॉयलेट- एक प्रेमकथा में उन्होंने रिपोर्टर का रोल बखूबी निभाया है।
फिल्म में न्यूज रिपोर्टर एवं ब्रेकिंग न्यूज पढ़ते हुए एंकर का रोल उन्होंने किया है। इस रोल से उन्हें शहर के लोगों एवं परिचितों की वाहवाही मिल रही है। फिल्म में अक्षय कुमार केशव की भूमिका में हैं। रिपोर्टर बने आकाश सिंह ने उनका इंटरव्यू लिया है।
सोनी टीवी पर सिकंदर की भूमिका में दिखेंगे आकाश
पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत के बेटे आकाश सिंह फिलहाल रक्षाबंधन के त्यौहार पर घर आए हुए हैं। डेढ़ साल से मुंबई नगरी में रहते हुए उन्हें टीवी सीरियल बाजीगर, कर्मफल सहित अन्य टीवी सीरियल्स में काम करने का मौका मिला। सोनी चैनल पर आने वाले पोरस सीरियल में उन्होंने सिकंदर का रोल किया।
अक्टूबर में यह सीरियल सोनी टीवी पर प्रसारित होगा। आकाश ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई ग्वालियर में सिंधिया बोर्डिंग स्कूल में की। उनका कहना है कि बचपन से ही रंगकर्म के क्षेत्र में रूचि थी। स्कूल में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे।
अनुपम खेर की अकादमी में लिया प्रशिक्षण
आकाश सिंह ने बेंगलुरु की क्राइस्ट यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद मुंबई में अनुपम खेर की डांस अकादमी में प्रशिक्षण लिया। भोपाल में आकर भारत भवन में रंगमंडल से जुड़ने के बाद हम थे थिएटर ग्रुप के बैनर तले राजा हरदौल, मुंशी प्रेमचंद जैसे नाटकों में काम कर अपनी प्रतिभा को और मांजा।
आकाश की तमन्ना फिल्म अभिनेता अजय देवगन के साथ काम करने की है। नेता और अभिनेता की समाज में भूमिका के बारे में उनका कहना है कि नेता राजनीति के माध्यम से देश और समाज की सेवा करते हैं। अभिनेता पर्दे पर व्यक्ति विशेष की भूमिका निभाता है।
आशुतोष राणा से मिली यह सीख
आगे का रास्ता स्वयं को तय करना है। यह सीख आकाश को मुंबई में मिली। एक वृत्तांत सुनाते हुए उन्होंने कहा कि अभिनेता आशुतोष राणा ने सीख दी थी।
बॉलीवुड में पैर जमाना है तो छोटा रोल भी मिले उसने करने से मना नहीं करें। नारियल फोड़कर शुरुआत करें, मंजिल खुद ब खुद मिल जाती है। आकाश सिंह का कहना है कि इसी सीख पर काम शुरू किया और ईश्वर की कृपा से ऑफर भी मिल रहे हैं।