बेटा मैच खेलता रहा, होटल में सोते-सोते चल बसे पिता; सागर में बैडमिंटन टीम मैनेजर की अटैक से मौत
सागर में 70वीं राष्ट्रीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दौरान तेलंगाना टीम मैनेजर 55 वर्षीय मनोज कुमार की होटल में मौत हो गई। मैच पूरा होने तक बेटे को पिता की मौत की जानकारी नहीं दी गई।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 08:45:21 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 08:45:21 AM (IST)
तेलंगाना टीम के मैनेजर तरारी मनोज कुमार।HighLights
- तेलंगाना टीम मैनेजर 55 वर्षीय मनोज कुमार की होटल में मौत
- 13 वर्षीय बेटा कार्तिकेय मैच खेलने गया, पिता को आया हार्ट अटैक
- सागर में 70वीं राष्ट्रीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दौरान हुई घटना
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। 70वीं राष्ट्रीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शनिवार को तेलंगाना टीम के मैनेजर 55 वर्षीय तरारी मनोज कुमार की होटल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनका 13 वर्षीय बेटा कार्तिकेय भी प्रतियोगिता में खेल रहा था। पिता की मौत के समय उसका मैच चल रहा था। टीम के सदस्यों ने मैच पूरा होने तक उसे घटना की जानकारी नहीं दी।
तेलंगाना टीम के मैनेजर थे मनोज
हैदराबाद निवासी मनोज कुमार तेलंगाना की बालिका टीम के मैनेजर थे। टीम होटल राम सरोज में ठहरी थी। शनिवार दोपहर करीब दो बजे कार्तिकेय मैच खेलने जाने से पहले पिता को जगाने पहुंचा, लेकिन वे नहीं उठे। उसने कोच एनुमेला अजय कुमार को सूचना दी। इसके बाद टीम के सदस्य मनोज कुमार को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे को खेलने भेजा और होटल में सोते रह गए
कार्तिकेय को पिता की तबीयत बिगड़ने की जानकारी के बावजूद मैच खेलने भेजा गया। मैच के बाद उसे पिता की मौत के बारे में बताया गया। कोच ने बताया कि मनोज कुमार शुगर के मरीज थे, लेकिन पहले हार्ट अटैक की समस्या नहीं हुई थी।
घटना से तेलंगाना टीम सहित प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और अधिकारियों में शोक छा गया।