डेढ़ करोड़ के नकली कफ सिरप मामले में STF का एक्शन; सागर का युवक हिरासत में, भोपाल ले गई टीम
जांच में कई जिलों तक फैले संगठित ड्रग नेटवर्क के संकेत मिले हैं। अवैध री-पैकिंग, सप्लाई चेन और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की पड़ताल जारी है।
Publish Date: Fri, 24 Jul 2026 03:31:41 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Jul 2026 03:31:41 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- 1.50 करोड़ के नकली कफ सिरप मामले में कार्रवाई तेज
- एसटीएफ ने सागर से मोनू जैन उर्फ मस्त को हिरासत में लिया
- जांच में कई जिलों तक फैले संगठित ड्रग नेटवर्क के संकेत
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। राजधानी भोपाल में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के नकली कफ सिरप के बड़े खुलासे के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसटीएफ सागर जिले से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए भोपाल ले गई है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क केवल भोपाल तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में नशीली और नकली दवाओं की सप्लाई का संगठित कारोबार संचालित कर रहा है।
सागर से जुड़े गिरोह के तार
जानकारी के अनुसार जून माह में एसटीएफ ने भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में एक अवैध री-पैकिंग फैक्ट्री पर छापा मारकर नकली और नशीले कफ सिरप के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया था। जांच में सामने आया था कि फैक्ट्री में कफ सिरप की अवैध पैकिंग कर उसे नशे के रूप में इस्तेमाल के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां सागर जिले से भी जुड़ी मिली हैं।
जांच के दौरान एसटीएफ की टीम ने करीब एक माह पहले सागर के कुछ इलाकों में भी दबिश दी। पगारा रोड स्थित सिटीजन जैन को इस मामले में सह आरोपी बनाया गया था। टीम ने जैन के मेडिकल स्टोर और गोदाम पर छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की थी।
बताया जा रहा है कि सिटीजन जैन संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कथित तौर पर नशीली दवाओं की खेप मिलने के बाद वह एसटीएफ के रडार पर आया।
सागर से एक युवक को फिर लिया हिरासत में
इसी मामले में अब एसटीएफ ने सागर के मोनू जैन उर्फ मस्त को भी हिरासत में लिया है। उसे पूछताछ के लिए भोपाल ले जाया गया है, जहां उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
उधर, एसटीएफ की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
माना जा रहा है कि पूछताछ के आधार पर प्रदेश के कई जिलों में फैले इस अवैध कारोबार से जुड़े नए नाम सामने आ सकते हैं। उधर, सागर पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।