सागर में फर्जी शेयर एडवाइजरी से 70 लाख का लेनदेन; एंजेल वन के नाम पर ठगी, 8 बैंक खाते मिले
सागर के वर्धमान कॉलोनी स्थित मकान में मोतीनगर पुलिस ने शेयर मार्केट एडवाइजरी पकड़ी। यहां बिना सेबी पंजीयन और वैधानिक अनुमति के लोगों को निवेश संबंधी सलाह दी जा रही थी।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 03:35:54 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 03:35:54 PM (IST)
मौके पर मिली सामग्री और लोगों से पूछताछ करती पुलिस। नईदुनिया।HighLights
- बिना सेबी पंजीयन चल रही थी एडवाइजरी
- 60 से 70 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब दर्ज
- आठ बैंक खातों की जानकारी और रजिस्टर मिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने वर्धमान कॉलोनी के एक मकान में चल रही शेयर मार्केट एडवाइजरी पकड़ी है। यहां बिना सेबी पंजीयन और वैधानिक अनुमति के लोगों को फोन कर निवेश की सलाह दी जा रही थी। जांच में 8 बैंक खाते और रजिस्टर में 60 से 70 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब मिला।
मामले में दीपक राजपूत, सौरभ नामदेव, अनिल रैकवार और करन चौरसिया को आरोपित बनाया गया है।
बिना अनुमति चल रहा था कारोबार
पुलिस के मुताबिक, कॉल सेंटर में मिले युवाओं ने बताया कि वे करन चौरसिया के कहने पर एंजेल वन के नाम से शेयर बाजार संबंधी कॉल करते थे। दीपक राजपूत ने बताया कि उनके पास सेबी पंजीयन, गुमाश्ता लाइसेंस या अन्य वैधानिक अनुमति नहीं है।
यूपीआई से लेनदेन
करन चौरसिया युवकों को संभावित ग्राहकों की जानकारी देता था और रकम लेने के लिए अलग-अलग यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस को आशंका है कि निवेश में लाभ का आश्वासन देकर लोगों से रकम लेकर धोखाधड़ी की गई। आरोपितों के मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त कर उन्हें नोटिस दिया गया है।