सागर BMC में बवाल : महिला डॉक्टर का आरोप- 'बीजेपी नेता ने किया बैड टच और दी गोली मारने की धमकी', विरोध में डॉक्टरों का प्रदर्शन
घटना के विरोध में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर प्रदर्शन किया तथा 24 घंटे के भीतर एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग की है।
Publish Date: Fri, 03 Jul 2026 02:00:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Jul 2026 02:01:46 PM (IST)
बुुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के बाहर जूनियर डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। वीडियो ग्रेव।HighLights
- बीएमसी सागर में भाजपा नेता पर महिला डॉक्टर और नर्स ने लगाया आरोप
- अभद्रता, बैड टच और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की
- घटना के विरोध में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर प्रदर्शन किया
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) पर महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, बैड टच करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।
घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया और आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
रात दो बजे मरीज के इलाज के दौरान हुआ विवाद
महिला स्टाफ के अनुसार, गुरुवार रात करीब दो बजे एक मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। इलाज शुरू होने से पहले ही लगातार फोन कर दबाव बनाया जा रहा था। इलाज के दौरान मरीज के साथ आए लोगों ने अस्पताल स्टाफ से अभद्र व्यवहार किया।
महिला कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध करने पर नर्सिंग स्टाफ को धमकाया गया, एक व्यक्ति ने बैड टच किया और अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी। आरोपित की पहचान अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) के रूप में की गई है।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना रात में ही पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को दे दी गई थी। पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन आरोपितों के वहां से चले जाने के बाद बिना किसी ठोस कार्रवाई के लौट गई। इससे अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
24 घंटे का अल्टीमेटम
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने घटना की निंदा करते हुए 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही मामले में कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की जांच की भी मांग उठाई गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
भाजपा नेता ने आरोपों से किया इनकार
भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे केवल अपने गांव के एक मरीज का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे और समय पर इलाज की बात कही थी। उन्होंने किसी भी प्रकार की अभद्रता से इनकार करते हुए वार्ड के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।