
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर में शुक्रवार शाम निकली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा के दौरान सुभाष चौक के पास बड़ा हादसा हो गया। शोभायात्रा में शामिल डीजे वाहन पर करीब 15 फीट ऊंचे बड़े साउंड बॉक्स के ऊपर बैठे चार युवक अचानक नीचे गिर गए।
हादसे में चारों युवक घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों को छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर चोट आने पर दो घायलों को परिजन आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। घटना शाम करीब 6.45 बजे की बताई जा रही है।
विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा झांकियों के साथ जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली गई थी। यात्रा बिहारी चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष पार्क स्थित राम दरबार मंदिर की ओर जा रही थी।
बताया गया कि सुभाष चौक के पास सड़क की खराब स्थिति के कारण डीजे वाहन को झटका लगा और उसका संतुलन बिगड़ गया। मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों को सामान्य हालत में छुट्टी दे दी। वहीं, दो युवकों को गंभीर चोटें होने के कारण परिजन निजी अस्पताल ले गए।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है। फुटेज में शोभायात्रा के दौरान डीजे वाहन सड़क से गुजरता दिखाई दे रहा है। वाहन के ऊपर बने बड़े साउंड बॉक्स पर युवक बैठे नजर आते हैं। खराब सड़क से गुजरने के दौरान वाहन के असंतुलित होने के बाद युवक नीचे गिरते दिखाई देते हैं। घटना ने शोभायात्राओं में डीजे वाहनों और ऊंचाई पर बैठकर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 40 फीट ऊंची बंधी दही हांडी तोड़ रहे 199 गोविंदा 20 फीट गहरे तालाब में गिरे