
चित्रकूट (ब्यूरो)। चित्रकूट के सिकरौं गांव में दबंगों ने साइकिल चोरी का आरोप लगाकर बच्चों को घर में बंधक बनाकर पीटा। हाथ की अंगुलियों के नाखून उखाड़कर ब्लेड से चीरा लगाया और जख्म पर नमक भर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
सिकरौं गांव निवासी राजेंद्र निषाद ने बताया कि 14 वर्षीय पुत्र ब्रजेश शुक्रवार को अपनी बड़ी मां के साथ जामुन के बाग में पहुंचा, तभी गांव के प्रद्युम्न पांडेय, रज्जू, मनोज, विनीत और मुन्ना लाठी-डंडा लेकर आ गए। बेटे को पकड़ कर अपने घर ले गए। साथ में 15 वर्षीय भतीजे पिटू को भी पकड़ लिया। वहां दोनों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा।
साइकिल चोरी का आरोप लगाकर पिटू को चकौर गांव में पंचू निषाद के घर ले जाकर मारपीट की। वापसी में सिकरौं गांव स्थित नाला के पास उसके हाथ की अंगुलियों के नाखून उखाड़ दिए। ब्लेड से चीरा लगा कर जख्म पर नमक भर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए छोड़ दिया।
घटना से पूरा परिवार दहशत में है। मऊ पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित प्रद्युम्न को गिरफ्तार किया गया है। किशोरों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दोषी मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।