
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के खेरमाई रोड स्थित एसी और कूलर के गोदाम में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी करने पहुंचे बदमाशों में से एक आरोपित वारदात के दौरान ही इतनी गहरी नींद में सो गया कि सुबह गोदाम खुलने पर मालिक ने उसे अंदर सोते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उस आरोपित को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को रविवार रात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुए और एसी के आउटडोर यूनिट को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने गोदाम में रखे टीवी, एसी, कूलर सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर लाखों रुपये का माल समेट लिया।
बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान एक आरोपित को नींद आ गई और वह गोदाम के फर्श पर ही सो गया। उसके साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि वह गहरी नींद में वहीं पड़ा रहा। सोमवार सुबह जब गोदाम संचालक बिहारी रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक युवक को सोता देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे उसके फरार साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल के जेपी अस्पताल में अब और बेहतर होगा हड्डी का इलाज, मरीजों को मिलेंगे आधुनिक ऑर्थोपेडिक इम्प्लांट
इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे शहर में हो रही है। आमतौर पर चोरी के बाद आरोपित पुलिस से बचने के लिए फरार हो जाते हैं, लेकिन इस मामले में एक चोर अपनी ही लापरवाही और नींद के कारण सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ गया।