
सतना। नईदुनिया प्रतिनिधि
सतना नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर योगेश ताम्रकार ने टाउन हाल में रविवार को महापौर पद की शपथ ली। सतना के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी महापौर ने हिंदी के साथ-साथ संस्कृत भाषा में गोपनियता की शपथ ली, जिसके बाद पूरा हाल तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। महापौर योगेश ताम्रकार के साथ-साथ भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को भी कलेक्टर अनुराग वर्मा ने शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में राज्यमंत्री रामेखलावन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे, जबकि सांसद गणेश सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शपथ ग्रहण के पश्चात महापौर योगेश ताम्रकार ने सतना के विकास के लिए अपनी आने वाली कार्ययोजना बताई। उन्होंने अपने उद्बोधन में सबसे पहले सतना नगर निगम का एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया और कहा यह आज से ही शुरू हो रहा है जिसमें जिसमें स्थानीय लोग साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पानी और अन्य समस्याओं की शिकायत और जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1800 572 4060 जारी करते हुए कहा कि अगर इस नंबर से किसी भी नागरिक की समस्या का समाधान नहीं होता तो हर मंगलवार को वे खुद जनसुनवाई में अधिकारियों के साथ बैठेंगे जहां हर नागरिक की समस्या का तुरंत निराकरण किया जाएगा।
गंदी बस्तियों को सेवा बस्ती कहा जाएगा : महापौर ने कहा कि सतना में कई ऐसी बस्तियां हैं जिसे लोग गंदी बस्ती के नाम से जानते हैं लेकिन अब से उन बस्तियों को सेवा बस्ती के नाम से जाना जाएगा और वहां संगठन के लोग, सामाजिक संगठन, स्वयं सेवी और नगर निगम सेवा भाव से कार्य करेगा।
कम होगी संपत्ति कर की दर : महापौर ने भाषण के दौरान कहा कि प्रदेश में सतना शहर का संपत्ति कर सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि मैने आस-पास के जिलों और नगरों से इसकी तुलना की है। जल्द ही एमआईसी के साथ बैठक कर प्रस्ताव बनाकर भोपाल भेजा जाएगा और सतना में सर्वाधिक लग रहे संपत्ति कर को कम किया जाएगा।
फैक्ट्रियों के माध्यम से लगवाएंगे 50 हजार पौधे : महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि सतना में सीमेंट फैक्ट्रियों के सीएसआर मद के द्वारा 50 हजार से ज्यादा पेड़ लगवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर के 45 वार्डों में विकास के लिए कोई भेदभाव नहीं होगा। इसके लिए उन्होंने नागरिकों से भी समर्थन मांगा और कहा कि शहर में फैले अतिक्रमण हटाना जरूरी है इसके लिए उन्हें सभी का सहयोग चाहिए। जन सहयोग से अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे सामाजिक कार्यक्रमों में लोगों से अच्छा समर्थन मिला है और स्वच्छता के प्रति व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। सभी व्यापारियों से कहा गया है कि वे अपनी दुकान के सामने अनिवार्य रूप से कचरे का डिब्बा रखें और ग्राहकों से भी उसी में कचरा डालने कहें। लोगों का सहयोग रहा तो स्वच्छता में हम इंदौर से भी आगे निकल जाएंगे।