पन्ना नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रदेश में पंचायती राज व नगरी निकाय के चुनाव हो रहे हैं ऐसे में प्रदेश का राजनीतिक पारा गरम है और राजनीतिक गतिविधियां उफान ले रही हैं। इसी बीच पन्ना में चौका देने वाला राजनैतिक घटनाक्रम घटा है अजयगढ़ के कांग्रेस के नेता व व्यवसाई राजकुमार जैन अचानक भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सदस्यता ग्रहण की। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पन्ना सतानंद गौतम व पूर्व महामंत्री संजीत सरकार उपस्थित रहे।
अजयगढ़ नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे : कांग्रेस नेता राजकुमार जैन की भाजपा में शामिल हो जाने के जिला की बड़ी राजनीतिक गतिविधि माना जा रहा है, क्योंकि राजकुमार जैन बड़े चतुर राजनेता है। वे नगर पंचायत अजयगढ़ के अध्यक्ष रह चुके हैं।
अजयगढ़ क्षेत्र में मिली-जुली प्रतिक्रिया : कांग्रेस नेता राज कुमार जैन के भाजपा में शामिल होने से भारतीय जनता पार्टी में खुशी का माहौल है, क्योंकि एक और ताकतवर नेता भाजपा में शामिल हो गया। अपनी अलग विचारधारा के लिए पहचाने जाने वाले राजकुमार जैन हमेशा से ही सुर्खियों में रहते हैं। राजकुमार का विधायक बनने का सपना अब तक पूरा नहीं हो सका है क्योंकि वह कांग्रेस छोड़ एक बार सपा से भी चुनाव लड़ चुके हैं।
उम्मीदवार फार्म रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा करें
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प ने बताया है कि नगर निगम के महापौर तथा पार्षद पद एवं नगर पंचायतों के पार्षद पदों का निर्वाचन दलीय आधार पर किया जा रहा है। इन पदों के लिए विभिन्न दलों द्वारा अधिकृत उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल करते समय पार्टी द्वारा अधिकृत उम्मीदवार के रूप में जारीफार्म 8 एवं फार्म 9 रिटर्निंग आफीसर को प्रस्तुत करें। इसकी प्रतिलिपि जिला निर्वाचन को उपलब्ध कराएं। जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष फार्म 8 एवं 9 की मूल प्रति प्रस्तुत करना आवश्यक नहीं है। इसकी मूल प्रति रिटर्निंग आफीसर के पास ही जमा होगी।