
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद खुशियों के साथ घर लौट रहे बच्चों के लिए सफर उस वक्त हादसे में बदल गया, जब पतेरिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गई।
गुरुवार शाम हुए इस हादसे में ट्रॉली में सवार आठ बच्चे करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें दो बच्चियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोठी के वार्ड क्रमांक 14 और 15 के निवासी ग्रामीण दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से गए थे। विसर्जन के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पतेरिया गांव के पास ट्रॉली में सवार बच्चे ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। दो बच्चियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सतना रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया।