
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। आधी रात का वक्त, सुनसान सड़क और घर लौट रहा एक युवक। रास्ते में अचानक चार लोग सामने आते हैं। पहले रास्ता रोका जाता है, फिर पैर में चाकू मारकर उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया जाता है। इसके बाद युवक को सतना शहर से दूर एक बगीचे में ले जाकर बंधक बना लिया जाता है।
परिजनों को फोन लगाया जाता है और युवक को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी जाती है। सतना के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में सामने आई इस वारदात ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी।
पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में ला दिया, क्योंकि ग्रामीणों के हाथों पकड़ा गया एक आरोपी मध्य प्रदेश पुलिस का आरक्षक निकला। उसे एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में पदस्थ बताया जा रहा है।
मामले में पकड़े गए आरोपी की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है। सामने आए पुलिस पहचान पत्र में उसका पद आरक्षक और जिला/इकाई सतना दर्ज है। हालांकि, वारदात में उसकी भूमिका और अन्य आरोपों की पुष्टि पुलिस की विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस वारदात ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की भूमिका, उनके आचरण और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस व्यक्ति पर कानून की रक्षा की जिम्मेदारी है, यदि उसी पर अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर आरोप लगते हैं तो मामला केवल एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रह जाता। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस पूरे घटनाक्रम का सच कितनी जल्दी सामने आता है।
जानकारी के मुताबिक, टिकुरिया माधवगढ़ निवासी ऋषभ सिंह (38) टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर हैं। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात ऋषभ एजेंसी में बालू का ट्रक खाली कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब दो बजे डी पॉल स्कूल, माधवगढ़ के पास चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके पैर में चाकू मार दिया गया और जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने ऋषभ को सतरी स्थित एक बगीचे में ले जाकर बंधक बना लिया। इसके बाद उनके परिजनों को फोन कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। अचानक आधी रात को बेटे के अपहरण और फिरौती की सूचना मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया।
फिरौती की मांग की जानकारी मिलते ही परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से घेराबंदी की और एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, उसके तीन अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया।
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पकड़े गए विवेक सिंह के पास से चाकू, पुलिस का पहचान पत्र और बाइक बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में पदस्थ है। यदि जांच में उसकी संलिप्तता प्रमाणित होती है तो यह पुलिस विभाग के लिए भी गंभीर मामला होगा।
एएसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे ने भी घटना की पुष्टि और जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
घटना के बाद घायल ऋषभ को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना डायल-112 को भी दी गई थी। वारदात के बाद सामने आए वीडियो में पकड़ा गया संदिग्ध और उसके पास मिला चाकू दिखाई देने की बात कही जा रही है। अस्पताल में भर्ती घायल युवक के परिजन भी घटनाक्रम को लेकर जानकारी देते हुए
ऋषभ के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था। उन्हें आशंका है कि लूटपाट और पैसे वसूलने के मकसद से इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, फिरौती की मांग और कथित अपहरण के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच का विषय है।
मामले की जांच रामपुर बाघेलान थाना पुलिस कर रही है। थाना प्रभारी टीआई संदीप चतुर्वेदी के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल और अपहरण के संभावित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार तीन आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वारदात की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
इस पूरे घटनाक्रम में विवेक सिंह का नाम सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या आरोपी ने पुलिसकर्मी होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया? क्या उसके साथ शामिल तीन अन्य युवक भी उसके परिचित थे? क्या यह सिर्फ फिरौती के लिए किया गया अपहरण था या इसके पीछे लूटपाट की कोई दूसरी योजना थी? इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।