
डिजिटल डेस्क, सतना। मध्य प्रदेश की 'लाड़ली बहनों' के लिए आज का दिन बेहद खास है। राज्य सरकार आज पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की अगली किस्त के साथ-साथ त्योहार का विशेष शगुन अंतरित करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैहर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सीधे सिंगल क्लिक के माध्यम से यह राशि प्रदेश की करोड़ों हितग्राही महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
सीएम दोपहर 2.30 बजे के बाद महिलाओं के खाते में 39वीं किस्त के 1500 रुपये के साथ-साथ 250 रुपये रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर भी ट्रांसफर करेंगे। सीएम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस योजना की मासिक सहायता राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाते हुए वर्ष 2028 तक 3,000 रुपये प्रति माह तक पहुंचाया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण और उनके आर्थिक स्वावलंबन को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने वित्तीय प्रतिबद्धता दोहराई है। जहां अगले 5 वर्षों के दौरान लाड़ली बहना योजना पर सरकार 1,14,365 करोड़ रुपये का विशाल बजट खर्च करेगी। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए इसी अवधि में 16,326 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जून 2023 में योजना के शुभारंभ से लेकर अगस्त 2026 तक मध्य प्रदेश की लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 63,248 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
योजना के आधिकारिक डिजिटल पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' विकल्प पर क्लिक करें।
अपना समग्र आईडी (Samagra ID) या आवेदन क्रमांक दर्ज करें।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) प्रविष्ट कर अपना स्टेटस देखें।