
सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसनाका इलाके से एक अंतर्जातीय नाबालिग जोड़ा बीती रात फरार हो गया। इसके बाद हिंदु संगठनों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार सुबह विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए वाहन रैली निकालकर कोलगवां थाना का घेराव किया। जहां पर आरोपी युवक के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई करने का दबाव पुलिस पर बनाया गया।
विश्व हिन्दू परिषद ने इस घटना को लव जेहाद से जोड़ते हुए नाबालिग के अपहरण करने का आरोप लगाया है। जबकि युवक के परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच बीते तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने आरोपी युवक के विरूद्घ अपराध दर्ज कर लिया है।
घर से गायब हुई नाबालिग
बांसनाका निवासी 17 वर्षीय नाबालिग सोमवार की रात 11.30 बजे घर के बरामदे में सो रही थी। घर के सभी परिजन भी भोजन के पश्चात सोने चले गए। रात लगभग दो बजे नाबालिग के भाई की नींद खुली। उस समय नाबालिग अपने बिस्तर में नहीं है। जिसकी सूचना उसने माता-पिता के साथ अन्य परिजनों को भी दी। उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और नाबालिग घर से गायब थी।
हिन्दू संगठनों ने जताया विरोध
मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांसनाका इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद वहां से वाहन रैली निकालते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोलगवां थाना पहुंचे। जहां पर संगठन के नेताओं ने पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा गायब नाबालिग की पतासाजी करने की मांग की।
हिन्दू संगठनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण किया है। इस मामले में जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा उदासीनता बरती जा रही है।
युवक पर परेशान करने का आरोप
नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक अपराधिक प्रवृत्ति का है। जिसके विरूद्घ पहले भी अपराध दर्ज किए गए हैं। वह आए दिन मोहल्ले में बैठकर संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देता था। जिसके चलते मुझे अपनी बेटी की पढ़ाई बंद करानी पड़ी।
दोनों के बीच था प्रेम प्रसंग
आरोपी युवक की मां का कहना है कि उनके बेटे के साथ लड़की का पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों लुक-छिपकर मिला करते थे। इस बात की जानकारी दोनों के घर वालों को थी। उन्होंने बताया कि उसकी उम्र महज 17 वर्ष है और वह नाबालिग है।
आंदोलन की चेतावनी
यह लव जेहाद का मामला है। आरोपी युवक के परिजनों द्वारा नाबालिग के पिता को डराया-धमकाया जा रहा है। जिससे पीड़ित परिवार सहमा हुआ है। लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नही ले रही है। यदि 12 घंटे के भीतर आरोपी को नहीं पकडा गया तो हम उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
सागर गुप्ता, जिला मंत्री विश्व हिन्दू परिषद
अपराध दर्ज
लड़की नाबालिग है। युवक के बालिग होने या न होने की पुष्टि की जा रही है। लड़की के पिता की शिकायत पर आरोपी के विरूद्घ धारा 363, 366 के तहत अपराध पंजीबद्घ कर लिया गया है। दोनों की पतासाजी करने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
अनिल बाजपेयी, टीआई कोलगवां