MPPSC Topper: खुद पर ऐसा भरोसा कि रैंक कम आने पर मिले डीएसपी पद पर नहीं संभाला था कार्यभार
प्रिया ने कहा कि इंटरनेट का हम सही तरीके से इस्तेमाल करते हैं तो यह हमारे लिए वरदान या बेहतर माध्यम साबित हो सकता है। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 28 Dec 2023 11:24:43 AM (IST)Updated Date: Thu, 28 Dec 2023 01:20:39 PM (IST)
HighLights
- सतना की बेटी ने किया एमपी पीएससी टाप, खुद ही नोट्स बनाकर की तैयारी
- अब प्रिया पाठक बनीं डिप्टी कलेक्टर
- प्रिया ने कहा कि इंटरनेट का हम सही तरीके से इस्तेमाल करते हैं तो यह हमारे लिए वरदान है
MPPSC Topper: श्याम मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने मंगलवार देर रात राज्य सेवा परीक्षा-2019 का फाइनल रिजल्ट जारी किया। परीक्षा में टाप करने वाली प्रिया पाठक सतना जिले के नागौद के हरदुआ मोहल्ले की रहने वाली हैं। प्रिया ने 2020 की परीक्षा में भी सफलता पाई थी, लेकिन रैंक में पिछड़ने से डीएसपी का पद मिला था। तब उन्हें 18वीं रैंक मिली थी।
परिणाम में देरी हुई तो तैयारी जारी रखी
प्रिया ने बताया कि उन्होंने डीएसपी के पद पर ज्वाइन नहीं किया था। 2019 की परीक्षा का परिणाम आने में देरी हुई तो उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी थी, लेकिन उन्हें खुद पर भरोसा था कि वह डिप्टी कलेक्टर बन कर रहेंगी। अब 2019 के रिजल्ट में वह टाप पर रहकर डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित हुई हैं। प्रिया ने बताया कि सफलता के लिए उन्होंने खुद नोट्स बनाए थे और इंटरनेट मीडिया का उपयोग पढ़ाई के लिए किया।
![naidunia_image]()
स्कूली शिक्षा सतना में और उच्च शिक्षा जबलपुर से
प्रिया पाठक ने बताया कि उनकी स्कूली शिक्षा सतना में और उच्च शिक्षा जबलपुर से प्राप्त की है। नवोदय से पढ़ीं प्रिया का सपना पहले डाक्टर बनने का था। वह बीएससी में गोल्ड मेडलिस्ट भी रहीं। कालेज के दौरान उन्होंने सिविल सर्विसेज में जाने का मन बनाया। राजनीति विज्ञान से एमए किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने एमपी पीएससी की तैयारी इंदौर से की है। 2018 से उन्होंने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने बाजार से पुस्तकें खरीदकर खुद से पढ़ाई करने को महत्व दिया। इंदौर में रहते हुए आनलाइन टेस्ट देती रहती थीं जिससे तैयारी का मूल्यांकन होता रहता था। उन्होंने इंटरनेट मीडिया से जानकारी जुटाकर नोट्स तैयार किए। कुछ पुराने टापर्स के नोट्स जुटाकर अपनी तैयारी की।
सही उपयोग करें तो वरदान है इंटरनेट
प्रिया ने कहा कि इंटरनेट का हम सही तरीके से इस्तेमाल करते हैं तो यह हमारे लिए वरदान या बेहतर माध्यम साबित हो सकता है। इसमें समसामयिक विषय से लेकर देश-दुनिया में चल रही हर जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मैं खुद पढ़ाई से विराम लेकर इंटरनेट मीडिया का उपयोग करती थीं। इस दौरान वह इंस्टाग्राम चलाती थीं। प्रिया ने कहा कि उन्होंने हमेशा तनावमुक्त होकर पढ़ाई की है।
प्रिया के पिता कृष्ण शरण पाठक शिक्षक हैं, जबकि मां पुष्पा पाठक गृहिणी हैं। उनकी छोटी बहन प्रतिभा गणित से एमएससी और बीएड कर चुकी हैं। वह भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका छोटा भाई आयुष 10वीं की पढ़ाई कर रहा है। प्रिया को संगीत पसंद हैं।
उनसे मैहर के उस्ताद अलाउदीन खां से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए थे। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता को लेकर भी सवाल किया गया था। उनकी कविता ''भारत भूमि का टुकड़ा'' में एक पंक्ति है ''ये अर्पण की भूमि है, ये तर्पण की भूमि है''। उन्होंने बताया कि इसमें मैं थोड़ा अटकी। अर्पण और तर्पण का मतलब पूछा गया था लेकिन आखिर में उन्होंने जवाब दे दिया। प्रिया ने राजस्थान कैडर की आइएएस टीना डाबी से प्रेरणा ली।