चित्रकूट। चित्रकूट जिले के थाना राजापुर अंतर्गत सिकरी अमान गांव के पास 30 जून को एक जली हुई कार में मिले अज्ञात शव की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में रीवा (मध्यप्रदेश) निवासी पति-पत्नी द्वारा 2 करोड़ रुपये के बीमा लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से एक निर्दोष युवक की हत्या कर खुद को मृत घोषित करने की साजिश रची गई थी।
इस घटना के खुलासे में एसपी अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में एसओजी प्रभारी निरीक्षक एम.पी. त्रिपाठी और थाना राजापुर की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील सिंह (पुत्र अवध बिहारी सिंह, उम्र 39 वर्ष) और उसकी पत्नी हेमा सिंह (उम्र 35 वर्ष), निवासी कनपुरा, थाना जवां, जिला रीवा, को 7 जुलाई को आनन्दपुर गांव के पास गिरफ्तार किया।
30 जून की सुबह राजापुर पुलिस को डायल 112 से सूचना मिली थी कि सिकरी अमान गांव के पास सड़क किनारे एक अल्टो K10 (MP 19 CB 3053) पूरी तरह जल चुकी है, जिसमें एक शव भी बुरी तरह से जला हुआ है। शव की पहचान मुश्किल थी। दो दिन बाद वादी गिरजा शरण सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि यह कार उनके दामाद सुनील सिंह चलाया करते थे, जो 29 जून की रात से लापता हैं। उनकी पत्नी हेमा सिंह ने भी शव की पहचान सुनील के रूप में की थी।
शव की पहचान को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने जांच तेज की और सुनील सिंह की पत्नी द्वारा की गई पहचान के बावजूद सटीक पुष्टि के लिए डीएनए जांच के लिए सैंपल भेजा। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कथित मृतक सुनील सिंह गुपचुप तरीके से अपने साढ़ू से मिलने आनंदपुर आ रहा है।
पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सुनील सिंह ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा था। उसने बताया कि भारी कर्ज के चलते उसने एक अजनबी युवक विनय चौहान (निवासी नेहरू नगर, थाना समान नाका, रीवा) को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई।
सुनसान स्थान पर ले जाकर उसे जिंदा जला दिया। मृत युवक की कद-काठी सुनील जैसी थी, जिससे पहचान मुश्किल हो। फिर गाड़ी में आग लगाकर वह मौके से फरार हो गया और प्रयागराज चला गया।
सुनील ने अक्टूबर 2024 में 2 करोड़ रुपये का बीमा कराया था। योजना यह थी कि खुद को मृत दिखाकर बीमा राशि क्लेम की जाए। उसकी पत्नी हेमा ने भी इस पूरे प्रपंच में साथ दिया और सुनील की मृत्यु का नाटक कर पुलिस को गुमराह किया।
घटना का सफल अनावरण करने पर एसपी चित्रकूट ने एसओजी और राजापुर पुलिस टीम को ₹10,000 नकद इनाम देने की घोषणा की है।