
Maihar News : नई दुनिया प्रतिनिधि, मैहर। शारदा धाम आने वाले दर्शनार्थियों को अगले कुछ दिन परेशानी भरे हो सकते हैं। बता दें कि 3 अप्रैल तक मंदिर का रोप वे बंद रहेगा। यात्रियों को सीढ़ियां चढ़नी होंगी। मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजी माता शारदा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को अगले कुछ दिनों तक कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। दर्शनार्थियों को एक हजार से अधिक सीढ़ियों से चढ़कर ही माता रानी के दर्शन की अपनी इच्छा पूरी करनी पड़ेगी। भक्तों को अगले सात दिन तक 1063 सीढ़ियां चढ़कर माता रानी की ड्योढ़ी तक पहुंचना होगा।
रोप वे की सेवाएं 4 अप्रैल से पहले फिर शुरू भी हो जाएगी और दर्शनार्थी इस सुविधा का लाभ उठाते हुए बिना कठिनाई के माता शारदा के दर्शन की अभिलाषा पूरी कर सकेंगे। रोप वे प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि मेले के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
मेले के पहले रोप वे का मेंटीनेंस किया जाना है ताकि मेले के दौरान किसी तरह की तकनीकी खामी न आए और श्रद्धालुओं को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसलिए 26 मार्च से 3 अप्रैल तक रोप वे सेवा बंद रहेगी। इस दौरान मशीनरी का मेंटेनेंस करने के साथ ही सिक्योरिटी चेक भी होगा। रोप वे ऑपरेट करने वाली दामोदर रोप वे कंपनी के प्रबंधन ने इसकी जानकारी मंदिर प्रबन्ध समिति और मैहर तथा सतना जिला प्रशासन को भी दे दी है।