सतना। विंध्य की महत्वपूर्ण सीट माने जाने वाली सतना संसदीय क्षेत्र से आम जनता ने भाजपा के गणेश सिंह को लगातार चौथी बार सांसद चुन लिया है। गणेश सिंह ने कांग्रेस के राजाराम त्रिपाठी को करारी शिकस्त देते हुये विंध्य के इतिहास में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। गणेश सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम त्रिपाठी को 231473 वोटों से मात दी है। बता दें कि, साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के गणेश सिंह ने कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह को हराया था। इस चुनाव में गणेश सिंह को 3,75,288 वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस के अजय सिंह को 3,66,600 वोट मिले थे। उस वर्ष गणेश सिंह ने 8,688 वोटों से अजय सिंह को हराया था। इससे पहले के चुनाव यानी 2009 में भी गणेश सिंह को जीत मिली थी।
विकास कार्यों पर रहेगा फोकस
गणेश सिंह ने बताया कि वे अब रोजगार दिलाने पर विशेष ध्यान देंगे। सांसद ने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य ऐसे है जो रुके हुये हैं। उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जायेगा। इसके अलावा उन्होंने पेयजल संकट को दूर करने की भी बात कही। गौरतलब है कि सांसद गणेश सिंह ने चुनाव के पहले अपने प्रचार-प्रसार के दौरान इन मुद्दे को जनता के बीच रखा था। लिहाजा अब इन मुद्दों को पूरा कराना उनकी विशेष प्राथमिकता होगी।
कांग्रेस को नहीं थी हार की उम्मीद
सतना संसदीय क्षेत्र की बात करें तो यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम त्रिपाठी ने जीत के लिये ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। लेकिन उन्हें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि वे चुनाव हार जाएंगे। यह बात कहीं न कहीं सच भी है। क्योंकि चुनाव प्रचास के दौरान सांसद गणेश सिंह का जिस तरह से विरोध हो रहा था, उसे देखकर यही लग रहा था कि कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। इसके अलावा भाजपा में बगावत की आग भी गणेश सिंह के लिये हार का कारण बन रही थी। लेकिन मोदी का जादू ऐसा काम आया कि न तो गणेश सिंह का विरोध काम आया और न ही पार्टी की बगावत।