
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। भुंजवा मोहल्ले में रविवार रात रेत कारोबारी संजय अग्रवाल पर अज्ञात युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली संजय की जांघ को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, संजय अपने बेटे अंकित के साथ बिरला अस्पताल से लौट रहे थे। भुंजवा मोहल्ले में पान की दुकान पर रुकने के दौरान एक युवक ने नशे की हालत में उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। अंकित ने युवक को फटकारा तो उसने कट्टा निकालकर फायर कर दिया। गोली संजय की जांघ को छूते हुए निकल गई।
फायरिंग के बाद अंकित और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित का पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। आरोप है कि भागते समय युवक ने तीन हवाई फायर भी किए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल संजय का बयान दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं मैहर में अधिकृत शराब दुकानों की आड़ में कथित अवैध पैकारियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। मैहर क्षेत्र में सोनवारी स्थित शराब दुकान से जुड़े लोगों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर हाईवे किनारे मिनी दुकानें खोलकर शराब की बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि इन स्थानों पर बिना किसी अधिकृत शराब दुकान में खुलेआम शराब उपलब्ध कराई जा रही है।बताया जा रहा है कि जरियारी मोड़, कंचनपुर मोड़ और रीवा रोड स्थित तृप्ति ढाबा के पास हाईवे किनारे कथित रूप से शराब बिक्री के लिए अस्थायी अथवा मिनी दुकानें संचालित की जा रही हैं।
यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के लोगों को आसानी से शराब उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। इससे क्षेत्र में शराब बिक्री के नियमों और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों के अनुसार, सोनवारी की अधिकृत शराब दुकान से जुड़े लोगों द्वारा इन स्थानों पर शराब पहुंचाए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि बिना अनुमति शराब की बिक्री की जा रही है तो यह आबकारी नियमों का उल्लंघन है।मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाईवे किनारे लंबे समय से कथित रूप से चल रही इन मिनी दुकानों पर आबकारी विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ी।