Satna News : सतना के सपूत कर्णवीर सिंह को मरणोपरांत शौर्य च्रक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने माता-पिता को किया प्रदान
Satna News : रामपुर बाघेलान के दलदल निवासी बलिदानी कर्णवीर के माता-पिता बोले- मुझे बेटे पर गर्व है
By Dheeraj Bajpaih
Edited By: Dheeraj Bajpaih
Publish Date: Thu, 11 May 2023 09:05:20 AM (IST)
Updated Date: Thu, 11 May 2023 09:05:20 AM (IST)

Satna News : सतना (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के सपूत बलिदानी कर्णवीर सिंह को वीरता पदक शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। शांति काल में असाधारण शौर्य का परिचय देते हुए देश की रक्षा में प्राण गंवाने वाले कर्णवीर सिंह को मरणोपरांत यह सम्मान देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गत मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया। बताया गया है कि बलिदानी कर्णवीर के पिता रिटायर्ड मेजर रवि कुमार सिंह और मां मिथलेश कुमारी सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया। जिले के सपूत के शौर्य और बलिदान को सम्मानित किए जाने के अवसर की तस्वीरें भारत के राष्ट्रपति के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल पर भी शेयर की हैं।
बलिदानी कर्णवीर सतना जिले की रामपुर बाघेलान तहसील के दलदल गांव के निवासी थे। साल 2017 में सूबेदार पद पर भर्ती हुए कर्णवीर भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट की 44वीं बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स के सदस्य थे। जम्मू कश्मीर के शोपियां में 20 अक्टूबर 2021 को आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में कर्णवीर बलिदान हो गए थे। पूरी रात चली मुठभेड़ के दौरान कर्णवीर के सिर और सीने पर गोली लगी थी। उन्होंने एक आतंकी को ढ़ेर भी किया था। उनके गृह ग्राम दलदल में स्थित सरकारी स्कूल का नाम बलिदानी कर्णवीर के नाम से किया जा चुका है।