
सतना। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को एक खतरनाक घटना में शहर के गहरा नाला से लेकर अस्पताल चौक के बीच एक आवारा कुत्ते ने करीब 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सतना में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें गहरे घाव भी देखे गए हैं।
जिला अस्पताल के प्रशासक डॉ. शरद दुबे ने बताया कि अस्पताल में कैटेगरी 1 से लेकर कैटेगरी 3 तक के डॉग बाइट के मरीज पहुंचे हैं। सभी घायलों को आवश्यक उपचार देते हुए टेटनस (TT), एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) और इम्युनोग्लोबुलिन (RIG/एलमीन) के इंजेक्शन लगाए गए हैं। साथ ही उन्हें आगे की डोज के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
इस घटना के बाद शहरवासियों में भय का माहौल है। लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।